उत्तराखंड सड़कों पर नमाज बर्दाश्त नहीं, देवभूमि में नहीं चलेगा तुष्टिकरण का रिवाज- पुष्कर सिंह धामी (मुख्यमंत्री)

देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कानून व्यवस्था और राज्य की सांस्कृतिक पहचान को लेकर एक बड़ा और कड़ा बयान दिया है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि देवभूमि उत्तराखंड में सड़कों पर नमाज पढ़ने का रिवाज बिल्कुल नहीं चलेगा। उन्होंने जोर देकर कहा कि कानून व्यवस्था से ऊपर कोई भी नहीं है और सभी को तय नियमों व व्यवस्थाओं का पालन करना होगा।
मुख्यमंत्री धामी ने यह बयान कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता की उस मांग के जवाब में दिया, जिसमें सड़कों पर नमाज पढ़ने की इजाजत देने की बात कही गई थी। इस पर पलटवार करते हुए सीएम धामी ने कहा, “नमाज पढ़ने का जहां स्थान नियत है, वहीं पर नमाज अदा की जानी चाहिए। हर किसी को अपने धर्म का पालन करने का अधिकार है, लेकिन व्यवस्था में बाधा बनने की अनुमति किसी को भी नहीं दी जा सकती।”
वोट बैंक और तुष्टिकरण की राजनीति पर प्रहार
विपक्षी दलों को आड़े हाथों लेते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि कुछ लोग हर विषय को केवल वोट बैंक के नजरिए से देखते हैं। उन्होंने कहा कि देवभूमि में वर्षों से वोट बैंक के लिए तुष्टिकरण का काम किया जाता रहा है, लेकिन अब इसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। राजनेताओं को इस प्रकार की व्यवस्थाओं में सहयोग करना चाहिए और राजनीति से ऊपर उठना चाहिए।
चारधाम यात्रा की सुरक्षा और सुगमता सर्वोच्च प्राथमिकता
मुख्यमंत्री ने वर्तमान में चल रही चारधाम यात्रा का हवाला देते हुए कहा कि इस समय प्रदेश में लाखों की संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। ऐसे में सड़कों को किसी भी प्रकार के धार्मिक प्रदर्शनों का जरिया नहीं बनने दिया जाएगा। सरकार ने यह सुनिश्चित किया है कि राज्य में आने वाले सनातनी और चारधाम तीर्थयात्रियों को किसी भी तरह की असुविधा या तकलीफ न हो।
मुख्यमंत्री धामी ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के इसी तरह के कड़े फैसलों का समर्थन करते हुए साफ संदेश दिया कि देवभूमि की शांति, संस्कृति, और अनुशासन के साथ किसी को भी खिलवाड़ करने की इजाजत नहीं होगी।

More Stories
उत्तराखंड ईंधन की बचत के लिए हाईकोर्ट ने की अनूठी पहल, शुक्रवार को होगी सिर्फ वर्चुअल सुनवाई, वकीलों और स्टाफ को पैदल या कार पूल से आने के निर्देश,,,,
उत्तराखंड सोलर प्लांट से सूचना विभाग का बिजली बिल 1.20 लाख से घटकर पहुंचा ₹1700, सीएम धामी के हरित ऊर्जा प्रयासों को मिल रही है बड़ी सफलता,,,
आज का भविष्यफल- क्या कहते हैं आपकी किस्मत के सितारे दिन शनिवार दिनांक 23/05/2026