उत्तराखंड हरिद्वार कमलदास कुटिया में सेवक पर हमला कर किया गंभीर रूप से घायल, पुलिस कर रही जांच,,,

हरिद्वार। कमलदास कुटिया में देर रात आश्रम के सेवक और पैरोकार राजीव गिरी पर हमला हुआ। यह हमला राजीव गिरी की संपत्ति हथियाने के एक बड़े कुचक्र का हिस्सा बताया जा रहा है। पुलिस ने हमलावरों की गिरफ्तारी की कार्रवाई शुरू कर दी है।
घटना का विवरण और पृष्ठभूमि
जानकारी के अनुसार, राजीव गिरी आश्रम के महंत ओम प्रकाश शास्त्री के पास बैठे थे। वे उच्च न्यायालय नैनीताल में लंबित एक मुकदमे को लेकर चर्चा कर रहे थे। कुछ दिन पहले महाराज ओमप्रकाश शास्त्री ने एक शिष्य के साथ चादरपोशी की थी। उसी शिष्य के साथ आए कुछ अन्य लोगों ने मिलकर महंत ओमप्रकाश शास्त्री के साथ बैठे सेवक राजीव गिरी पर हमला कर दिया। यह पूरा विवाद महाराज ओम प्रकाश शास्त्री द्वारा दो शिष्यों की हालिया चादरपोशी के बाद उपजा है।
पुलिस कार्रवाई एवं मेडिकल परीक्षण
सूचना मिलते ही हरिद्वार कोतवाली से पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची। घायल राजीव गिरी का मेडिकल परीक्षण और उपचार कराया गया। इंस्पेक्टर कंदन सिंह राणा ने बताया कि हमले की सूचना 112 पर मिली थी। इस घटना के बाद से ही आश्रम क्षेत्र में चौकसी बढ़ा दी गई है। पुलिस हमलावरों को चिन्हित कर जल्द कार्रवाई सुनिश्चित करने की बात कह रही है।
आश्रम से जुड़ा पुराना विवाद और संपत्ति का मामला
उत्तर प्रदेश शासन के अधीन रहते हुए कानून व्यवस्था बेहतर करने के लिए आश्रम में पुलिस लाइन स्थापित की गई थी। वर्ष 1908 में स्थापित पुलिस लाइन के एवज में तत्कालीन उत्तर प्रदेश शासन ने 1989 से किराया देना शुरू किया था, जो 1997 तक मिलता रहा। उत्तराखंड राज्य गठन के बाद से यह किराया बकाया चला आ रहा है। वर्तमान में पुलिस और प्रशासन का पूरा सिस्टम रोशनआबाद शिफ्ट हो चुका है, लेकिन आश्रम में यातायात पुलिस और कई पुलिसकर्मियों का कब्जा चला आ रहा है। इस मामले को लेकर आश्रम ने उच्च न्यायालय नैनीताल में वाद दायर किया है। वर्तमान में शासन पर आश्रम का करीब 20 करोड़ रुपये का किराया बकाया है, और मारपीट व कब्जे के प्रयास जैसी गतिविधियां इन्हीं पैसों और परिसंपत्तियों को हड़पने के लिए हो रही हैं। महंत ओमप्रकाश शास्त्री करीब 93 वर्ष के वृद्ध हैं और सेवकों से अपने कार्य कराते हैं, जिससे आश्रम की व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।

More Stories
उत्तराखंड रसगुल्ले की मिठास में घुल रहा जहर, उत्तराखंड में खाद्य सुरक्षा विभाग का बड़ा छापा, नमूनों में भारी मिलावट से हुआ खुलासा,,,
उत्तराखंड हरिद्वार गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय परिसर में बिना अनुमति पुराना पेड़ काटने पर मुकदमा दर्ज,कुलपति ने दिए पूरे प्रकरण की गहन जांच के आदेश,,,
उत्तराखंड में लगातार बढ़ रहा है स्वाइन फ्लू का खतरा, अभी तक 40 मामले आए सामने, स्वास्थ्य विभाग ने जारी की एडवायजरी और अस्पतालों को दिए निर्देश,,,,