उत्तराखंड हरिद्वार के रोशनाबाद जेल अधीक्षक को मिली लॉरेंस बिश्नोई गैंग की धमकी, जेल में बंद महिला के पति पर प्राथमिकी दर्ज, तलाश में जुटी पुलिस टीम,,,

हरिद्वार: जिला कारागार रोशनabad के वरिष्ठ अधीक्षक मनोज कुमार आर्य को लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम से धमकी देने का मामला सामने आया है। पहले फोन कर जेल में बंद महिला से मुलाकात को लेकर बातचीत की और बाद में व्हाट्सएप पर धमकी भरे संदेश भेजे।
क्या है पूरा मामला?
पुलिस के अनुसार, 11 सितंबर की रात करीब 10:47 बजे वरिष्ठ अधीक्षक मनोज कुमार आर्य के मोबाइल पर एक नंबर से कॉल आई। उन्होंने समय उचित नहीं होने की बात कहते हुए सुबह बात करने को कहा। आरोप है कि इसके बाद रात करीब 11:24 बजे व्हाट्सएप पर संदेश भेजा गया, जिसमें खुद को लॉरेंस बिश्नोई ग्रुप, पंजाब से जुड़ा बताया गया। 12 सितंबर को उसने दोबारा कई बार कॉल की। कॉल नहीं उठाने पर व्हाट्सएप पर धमकी भरे संदेश भेजे। इसके बाद सुबह करीब 10:12 बजे आरोपी ने फोन कर जेल में मुलाकात बंद करने और जेल प्रशासन को नुकसान पहुंचाने की धमकी दी।
जेल अधीक्षक की पूछताछ में हुआ खुलासा
जेल अधीक्षक ने कारागार में निरुद्ध विचाराधीन महिला बंदी शीला से पूछताछ की और उसे फोन पर हुई बातचीत सुनाई। महिला ने आवाज की पहचान करते हुए बताया कि धमकी देने वाला उसका पति हिमांशु चड्ढ़ा निवासी लुधियाना हाल ऋषिकेश है और उससे मिलने के लिए जेल आता रहता है। जेल प्रशासन ने ई-प्रिजन रिकॉर्ड की जांच की तो पता चला कि हिमांशु चड्ढ़ा पूर्व में जेल में निरुद्ध रह चुका है। रिकॉर्ड के मुताबिक जिला कारागार देहरादून में 12 अक्टूबर 2017 से 1 दिसंबर 2019 तक निरुद्ध रहा था। इसके बाद उसे केंद्रीय कारागार सितारगंज स्थानांतरित किया गया, जहां से 13 दिसंबर 2022 को रिहा हुआ था।
पॉक्सो-दुष्कर्म से जुड़े मामले में बंद है महिला, पति भी जा चुका जेल
जेल प्रशासन के मुताबिक, दुष्कर्म-पॉक्सो, अनैतिक देह व्यापार से जुड़े मामले में शीला निवासी हरिपुर कलां थाना रायवाला जेल में बंद है। आरोप है कि शीला ने डिप्टी जेलर से अभद्रता कर दी थी। इसके बाद जेल अधीक्षक ने उसे समझाते हुए हिदायत दी थी। हाल ही में हिमांशु चड्ढ़ा उससे मिलने जेल में आया था। माना जा रहा है कि तभी उसने अपने पति को बताया होगा। इसके बाद उसने धमकी दी।
पुलिस कार्रवाई
पुलिस ने जेल में निरुद्ध महिला बंदी के पति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। एक टीम उसकी तलाश में लगाई गई है। एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि सिडकुल थाने में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। आरोपी की तलाश में टीमें जुटी हैं।

More Stories
उत्तराखंड ‘हिलांस’ बना पहाड़ी महिलाओं की आजीविका का सशक्त जरिया, पारंपरिक उत्पादों को मिल रही वैश्विक पहचान और आर्थिक मजबूती,,,
उत्तराखंड मानसून में भी गुलजार है कौसानी, चाय बागानों और ठंडी वादियों की खूबसूरती खींच रही सैलानियों का ध्यान,,,
उत्तराखंड नैनीताल के जिला सूचना अधिकारी गिरिजा शंकर जोशी का रानीबाग में हुआ अंतिम संस्कार, मीडिया जगत में शोक की लहर,,,