उत्तराखंड हरिद्वार को मिली ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज की सौगात, यहां हर साल 50 MBBS सीटों पर होंगे दाखिले, सीएम धामी ने केंद्र का जताया आभार,,,

देहरादून। उत्तराखंड में चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ईएसआईसी) ने हरिद्वार में नए मेडिकल कॉलेज की स्थापना को औपचारिक मंजूरी दे दी है। इस नए संस्थान में प्रतिवर्ष 50 एमबीबीएस सीटों पर छात्रों को प्रवेश दिया जाएगा। मेडिकल कॉलेज की स्थापना हरिद्वार स्थित मौजूदा ईएसआईसी अस्पताल के बुनियादी ढांचे और उपलब्ध संसाधनों का उपयोग करते हुए की जाएगी।
यह निर्णय नई दिल्ली स्थित ईएसआईसी मुख्यालय में आयोजित निगम की 198वीं बैठक में लिया गया। इस फैसले के बाद राज्य के चिकित्सा शिक्षा क्षेत्र में अवसरों का विस्तार होगा और युवाओं को एमबीबीएस की पढ़ाई के लिए दूसरे राज्यों का रुख नहीं करना पड़ेगा।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री और केंद्रीय श्रम मंत्री का जताया आभार

हरिद्वार को मिली इस बड़ी सौगात पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री का आभार व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में उत्तराखंड में स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में अभूतपूर्व सुधार और विस्तार हो रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मौजूदा अस्पताल के बुनियादी ढांचे के साथ मेडिकल कॉलेज शुरू होने से उपलब्ध संसाधनों का अधिकतम व प्रभावी उपयोग सुनिश्चित होगा। इससे न केवल स्थानीय स्तर पर चिकित्सा शिक्षा का स्तर सुधरेगा, बल्कि हरिद्वार और आसपास के क्षेत्रों की स्वास्थ्य सेवाओं को भी नई मजबूती मिलेगी।

More Stories
उत्तराखंड नैनीताल के मल्ला निगलाट में फर्जी वारिस बनकर जमीन हड़पने का बड़ा खेल, कुमाऊं कमिश्नर ने दिए एफआईआर और सख्त कार्रवाई के निर्देश,,,
उत्तराखंड शिक्षा विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 24 उप शिक्षा अधिकारियों (BEO) को मिली नई तैनाती, शासन ने जारी किया आदेश,,,,
उत्तराखंड देहरादून में जनता की रचनात्मकता बनेगी एमडीडीए की नई पहचान, मैस्कॉट व स्लोगन प्रतियोगिता में स्नेहा का मैस्कॉट अव्वल और अंकित रावत आए प्रथम,,,