September 27, 2026

उत्तराखंड हल्द्वानी में तेज रफ्तार बाइक ने सब्जी के ठेले को मारी टक्कर, तड़पते किशोर को बचाने के बजाय वीडियो बनाते रहे लोग, 13 वर्षीय मासूम की मौत, कातिल फरार,,,,

उत्तराखंड हल्द्वानी में तेज रफ्तार बाइक ने सब्जी के ठेले को मारी टक्कर, तड़पते किशोर को बचाने के बजाय वीडियो बनाते रहे लोग, 13 वर्षीय मासूम की मौत, कातिल फरार,,,,

​हल्द्वानी। हल्द्वानी-रामनगर हाईवे पर गुरुवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 13 वर्षीय किशोर की जान चली गई। हादसे के बाद जहां घायल पिता लहूलुहान बेटे को गोद में उठाकर मदद के लिए चीखता-पुकारता रहा, वहीं मौके पर मौजूद कई तमाशबीन मदद करने के बजाय मोबाइल से वीडियो बनाने में मशगूल रहे। गंभीर हालत में अस्पताल ले जाए गए किशोर को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद से पीड़ित परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

​🔴 सब्जी बेचकर लौटते समय हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, हरिशंकर गुरुवार रात करीब 11 बजे अपने 13 वर्षीय बेटे कपिल के साथ सब्जी का ठेला लेकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान हल्द्वानी-रामनगर हाईवे पर तेज रफ्तार बाइक सवार दो युवकों ने ठेले को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिता-पुत्र दोनों छिटककर सड़क पर जा गिरे। इस दुर्घटना में गंभीर चोट लगने के कारण कपिल की आंतें बाहर आ गईं।

​🔴 दर्द भूल बेटे को बचाने जूझता रहा घायल पिता

हादसे में हरिशंकर भी चोटिल हुए, लेकिन बेटे की नाजुक हालत देखकर वह अपना दर्द भूल गए। लहूलुहान बेटे को गोद में उठाकर वह मदद की गुहार लगाते रहे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटनास्थल पर काफी भीड़ जमा हो गई, लेकिन मानवीय संवेदनाओं को ताक पर रखकर कई लोग मदद का हाथ बढ़ाने के बजाय मोबाइल फोन से वीडियो रिकॉर्ड करने में व्यस्त रहे।

​🔴 अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने घोषित किया मृत

काफी देर तक कोई मदद न मिलने पर घायल पिता ने स्वयं किसी तरह एक ऑटो का प्रबंध किया और बेटे को डॉ. सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय पहुंचाया। हालांकि, अत्यधिक रक्तस्राव और गंभीर चोटों के चलते चिकित्सकों ने कपिल को मृत घोषित कर दिया। कपिल चार भाई-बहनों में सबसे बड़ा था। उसकी असामयिक मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

​🔴 परिजनों ने लगाया समय पर मदद न मिलने का आरोप

मृतक के परिजनों का आरोप है कि यदि मौके पर मौजूद लोग संवेदनशीलता दिखाते या पुलिस से तत्काल सहायता मिल जाती, तो कपिल को समय रहते उपचार मिल सकता था और उसकी जान बचाई जा सकती थी। वहीं, प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि दुर्घटना के तुरंत बाद बाइक सवार दोनों युवक मौके से फरार हो गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार बाइक सवारों की तलाश जारी है।

You may have missed

Share