November 25, 2026

उत्तराखंड को मिले 36 नए नायब तहसीलदार, सीएम धामी ने सौंपे नियुक्ति पत्र,13 बेटियां भी शामिल,,,,,

उत्तराखंड को मिले 36 नए नायब तहसीलदार, सीएम धामी ने सौंपे नियुक्ति पत्र,13 बेटियां भी शामिल,,,,,

​देहरादून। प्रदेश के राजस्व प्रशासन को बुधवार को 36 नए नायब तहसीलदार मिल गए। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास में आयोजित कार्यक्रम के दौरान सभी नवनियुक्त अधिकारियों को नियुक्ति पत्र सौंपे। चयनित अभ्यर्थियों में 13 बेटियों के शामिल होने पर मुख्यमंत्री ने विशेष हर्ष व्यक्त किया और सभी को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

​बेटियों की सफलता अन्य युवाओं के लिए प्रेरणा

​मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि यह सफलता अभ्यर्थियों की लगन, अनुशासन और परिवार व शिक्षकों के मार्गदर्शन का परिणाम है। उन्होंने विशेष रूप से 13 महिला अधिकारियों के चयन का उल्लेख करते हुए कहा कि उनकी यह उपलब्धि प्रदेश की अन्य बेटियों को प्रशासनिक सेवाओं और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए प्रेरित करेगी।

​जनसेवा और समयबद्ध निस्तारण पर जोर

​नवनियुक्त अधिकारियों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि नायब तहसीलदार जमीनी प्रशासन की अहम कड़ी हैं और उनके निर्णय सीधे आम लोगों के अधिकारों व आजीविका से जुड़े होते हैं। उन्होंने नामांतरण, पैमाइश और सीमांकन से जुड़े मामलों का समय पर निस्तारण करने के निर्देश दिए, ताकि आमजन व किसानों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न काटने पड़ें।

​दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों और आपदा राहत में संवेदनशीलता

​सीएम धामी ने कहा कि पर्वतीय और दूरस्थ क्षेत्रों से आने वाले नागरिकों, विशेषकर बुजुर्गों और दिव्यांगजनों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर धैर्यपूर्वक सुना और हल किया जाए। उन्होंने आपदा के दौरान नुकसान का त्वरित व सटीक आकलन करने पर भी बल दिया, जिससे प्रभावित परिवारों को समय पर सहायता मिल सके।

​पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया और कार्यशैली का संदेश

​मुख्यमंत्री ने भ्रष्टाचार के विरुद्ध ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति दोहराते हुए निष्पक्ष कार्यप्रणाली अपनाने और ‘सरलीकरण, समाधान, निस्तारण व संतुष्टिकरण’ के सिद्धांत पर काम करने का आह्वान किया। उन्होंने यह भी कहा कि सख्त नकल विरोधी कानून के बाद पारदर्शी चयन प्रक्रिया के माध्यम से बीते पांच वर्षों में 36 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी सेवा का अवसर मिला है।

​वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी​ कार्यक्रम में मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने नवनियुक्त अधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि तहसील स्तर पर ही अनेक नागरिकों की प्रशासन तक सीधी पहुंच होती है, इसलिए अधिकारियों का दायित्व और बढ़ जाता है। इस अवसर पर सचिव राजस्व एस. एन. पाण्डेय, सचिव एवं आयुक्त राजस्व परिषद रंजना राजगुरु सहित राजस्व विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।

Share