धामी सरकार के 5 साल बेमिसाल,सीएम ने पेश किया कार्यकाल का रिपोर्ट कार्ड, बोले- ‘उत्तराखंड को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाना हमारा संकल्प’,,,,

देहरादून, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार (26 नवंबर 2026) को राजधानी देहरादून में अपनी सरकार के पांच वर्ष के कार्यकाल का रिपोर्ट कार्ड जनता के सामने रखा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने राज्य के चौमुखी विकास, पारदर्शी प्रशासन और बुनियादी ढांचे में आए ऐतिहासिक बदलावों का लेखा-जोखा प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि पिछले पांच वर्षों में सरकार ने जनकल्याणकारी नीतियों और कड़े फैसलों के जरिए विकास की नई इबारत लिखी है।
रोजगार और युवाओं के भविष्य पर फोकस
रिपोर्ट कार्ड में सरकार ने युवाओं को दिए गए रोजगार को अपनी सबसे बड़ी उपलब्धियों में गिनाया है। मुख्यमंत्री ने बताया कि सख्त नकल विरोधी कानून (2023) लागू होने के बाद भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता आई है, जिसके परिणामस्वरूप 36,000 से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां प्रदान की गईं। इसके अलावा, ‘मुख्यमंत्री युवा भविष्य निर्माण योजना’ के तहत 11,000 छात्रों को प्रतियोगी परीक्षाओं की निःशुल्क ऑनलाइन कोचिंग दी जा रही है, वहीं वैश्विक रोजगार योजना के माध्यम से युवाओं को जर्मन और जापानी भाषा का प्रशिक्षण देकर विदेशों में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
कड़े कानूनों से बदली राज्य की तस्वीर
प्रशासनिक सुधारों और कानून-व्यवस्था का जिक्र करते हुए सीएम धामी ने कहा कि 27 जनवरी 2025 को समान नागरिक संहिता (UCC) लागू कर उत्तराखंड देश का पहला राज्य बना। इसके साथ ही, धर्मांतरण विरोधी और दंगा विरोधी कानूनों ने राज्य में शांति और सामाजिक सौहार्द को मजबूत किया है। अतिक्रमण के खिलाफ चलाए गए अभियान में अब तक 13,000 एकड़ से अधिक सरकारी भूमि को कब्जामुक्त कराया जा चुका है।
मातृशक्ति का सशक्तीकरण
सरकार ने महिला सशक्तीकरण की दिशा में उठाए गए कदमों को भी प्रमुखता से रखा। सरकारी नौकरियों में महिलाओं को 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण देने के साथ-साथ राज्य में 3.10 लाख से अधिक महिलाएं ‘लखपति दीदी’ बन चुकी हैं। स्वयं सहायता समूहों को 5 लाख रुपये तक का ब्याजमुक्त ऋण, ‘नंदा गौरा योजना’ के तहत 4 लाख से अधिक बेटियों को आर्थिक संबल और ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ ब्रांड के जरिए स्थानीय महिला उद्यमियों के उत्पादों को वैश्विक बाजार मिला है।
बुनियादी ढांचे और कनेक्टिविटी को मिली रफ्तार
कनेक्टिविटी के क्षेत्र में लगभग 12,000 करोड़ रुपये की लागत से तैयार दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे (इकोनॉमिक कॉरिडोर) के शुरू होने से राजधानी और दिल्ली के बीच का सफर सिमटकर मात्र ढाई घंटे रह गया है। वहीं, पहाड़ में रेल पहुंचाने के सपने को साकार करती ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना का लगभग 75 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है।
स्वास्थ्य, शिक्षा और निवेश में नए कीर्तिमान
स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के तहत अटल आयुष्मान योजना में 63 लाख से अधिक कार्ड बनाए गए और 17 लाख से अधिक मरीजों का मुफ्त इलाज हुआ। दुर्गम पहाड़ी क्षेत्रों के लिए हेली एंबुलेंस सेवा शुरू की गई है। शिक्षा के क्षेत्र में उत्तराखंड ने पूर्ण साक्षर राज्य का दर्जा हासिल किया है और 500 सरकारी स्कूलों को डिजिटल सुविधाओं से लैस किया गया है। ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में मिले 3.56 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्तावों में से 1 लाख करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाएं धरातल पर उतर चुकी हैं। इस वर्ष चारधाम यात्रा में 65 लाख से अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने से पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी नई मजबूती मिली है।

More Stories
अग्निकांड प्रभावित पवाणी गांव पहुंचे मुख्यमंत्री धामी, पीड़ितों को बंधाया ढांढस, पीड़ित परिवार को 5लाखरु सहायता राशि देने की घोषणा की,,,,,,,
उत्तराखंड को मिले 36 नए नायब तहसीलदार, सीएम धामी ने सौंपे नियुक्ति पत्र,13 बेटियां भी शामिल,,,,,
बिसलेरी के पानी में मिले खतरनाक रसायन, FSSAI ने दी मुकदमे की मंजूरी,देशभर में सैंपल जांच के आदेश,,,,,,,