उत्तराखंड कोटद्वार में गुलदार का आतंक, घास लेने गई महिला को बनाया निवाला, आक्रोशित ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन,,,
कोटद्वार (पौड़ी गढ़वाल): कोटद्वार क्षेत्र में गुलदार की बढ़ती सक्रियता ग्रामीणों के लिए जानलेवा साबित हो रही है। सोमवार सुबह सनेह पट्टी के कोटड़ीढांग में जंगल में घास लेने गई एक महिला पर गुलदार ने हमला कर दिया, जिसमें उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत और आक्रोश व्याप्त है। गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क पर धरना देकर वन विभाग और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
मृतका की पहचान कोटड़ीढांग निवासी कविता कोठियाल (42), पत्नी कमल किशोर के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, कविता सोमवार सुबह रोजाना की तरह घर से जंगल की ओर घास लेने निकली थीं। इसी दौरान गंगा वाटिका के समीप घात लगाए बैठे गुलदार ने उन पर अचानक हमला बोल दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल होने के कारण उनकी जान चली गई। घटना की खबर फैलते ही भारी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।
लगातार पांचवीं घटना से ग्रामीणों में दहशत
स्थानीय निवासियों के अनुसार, सनेह और कोटड़ीढांग क्षेत्र में गुलदार के हमले की यह पांचवीं घटना है। इससे पूर्व भी गुलदार एक मासूम बच्ची समेत तीन अन्य लोगों पर हमला कर उन्हें घायल कर चुका है। वन विभाग द्वारा कोई ठोस कदम न उठाए जाने से नाराज ग्रामीणों ने सड़क पर जाम लगाकर अपना विरोध दर्ज कराया। ग्रामीणों का कहना है कि जंगल से सटे गांवों में गुलदार की धमक से अब दिन के उजाले में भी घरों से बाहर निकलना जोखिम भरा हो गया है। उन्होंने प्रशासन से तत्काल गुलदार को पकड़ने और क्षेत्र में गश्त बढ़ाने की मांग की है।


More Stories
उत्तराखंड चारधाम यात्रा में जाम से मिलेगी बड़ी राहत, एक दशक से अटके ऋषिकेश बाईपास को मिली स्टेज-एक की स्वीकृति,,,
उत्तराखंड गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाश पर्व पर गुरुद्वारों में मत्था टेककर बोले धामी गुरु नानक देव जी की शिक्षाएं मानवता के लिए प्रेरणास्रोत,,,
उत्तराखंड नैनीताल में हुआ बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, शिप्रा जोशी बनीं लालकुआं की नई एसडीएम ओर कई अधिकारियों के कार्यक्षेत्र बदले,,,