September 3, 2026

उत्तराखंड चम्पावत के टनकपुर-चम्पावत-पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात सुचारू, स्वाला क्षेत्र में उपचारात्मक कार्यों से मिली राहत,,,

उत्तराखंड चम्पावत के टनकपुर-चम्पावत-पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात सुचारू, स्वाला क्षेत्र में उपचारात्मक कार्यों से मिली राहत,,,

​चम्पावत। जनपद में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच टनकपुर-चम्पावत-पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन और संबंधित विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड पर हैं। जिलाधिकारी मनीष कुमार के निर्देशन में संवेदनशील स्थलों की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है, ताकि मार्ग पर मलबा आने जैसी किसी भी स्थिति से तुरंत निपटकर आवागमन सामान्य रखा जा सके।

​राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिशासी अभियंता विभोर गुप्ता ने जानकारी दी है कि स्वाला क्षेत्र में पूर्व में किए गए उपचारात्मक (रेमेडियल) कार्यों के कारण सड़क की स्थिति में अत्यधिक सुधार आया है। बारिश के बावजूद वर्तमान में यह मार्ग पूरी तरह सुचारू रूप से चल रहा है। हाल ही में स्वाला सुगम जोन के आसपास हुए भूस्खलन का असर उपचारित हिस्से पर नहीं पड़ा है, क्योंकि भूस्खलन उससे बिल्कुल अलग स्थान पर हुआ था। विभागीय टीमें मौके पर लगातार मुस्तैद रहकर मलबा हटाने और मार्ग को सुरक्षित रखने का कार्य कर रही हैं।

​यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए प्रशासन ने कुछ एहतियाती कदम उठाए हैं। बारिश के दौरान संवेदनशील स्थानों पर परिस्थितियों के अनुसार कुछ समय के लिए यातायात को नियंत्रित किया जाता है और स्थिति पूरी तरह सामान्य होने पर ही वाहनों को सुरक्षित तरीके से आगे बढ़ाया जाता है। यह व्यवस्था हाईवे पर निरंतर आवागमन बनाए रखने में बेहद मददगार साबित हो रही है।

​जिला प्रशासन ने आमजन और यात्रियों से अपील की है कि मानसून सीजन के दौरान यात्रा करते समय अत्यधिक सावधानी बरतें। प्रशासन ने यह भी हिदायत दी है कि यात्रा संबंधी किसी भी जानकारी के लिए केवल आधिकारिक और सत्यापित सूचनाओं पर ही भरोसा करें तथा सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाले अप्रमाणित वीडियो या संदेशों को बिना जांचे-परखे आगे साझा न करें।

You may have missed

Share