उत्तराखंड में बदला मौसम का मिजाज: तापमान में 8 डिग्री गिरावट, पहाड़ों में बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना,,,,,,

देहरादून। उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश के कारण मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। प्रदेश के कई हिस्सों में तापमान में सामान्य से लगभग 8 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की गई है। अचानक बढ़ी ठंड के चलते लोगों को एक बार फिर गर्म कपड़े निकालने पड़े हैं। अप्रैल के महीने में नवंबर जैसी ठंड का अहसास होने से जनजीवन पर भी असर देखा जा रहा है।
बारिश के कारण प्रदेश के कई शहरों में जनजीवन प्रभावित हुआ। बुधवार सुबह से हो रही बारिश के चलते लोगों को दफ्तर और बाजार जाने में परेशानी का सामना करना पड़ा। कई स्थानों पर जलभराव की स्थिति बन गई, जिससे यातायात भी प्रभावित रहा और सड़कों पर जाम जैसी स्थिति देखने को मिली।
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के पर्वतीय जिलों में मौसम अभी भी सक्रिय बना रहेगा। विभाग ने उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना जताई है। वहीं 3000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की भी संभावना व्यक्त की गई है, जिससे ऊंचाई वाले इलाकों में ठंड और बढ़ सकती है।
मैदानी क्षेत्रों की बात करें तो यहां फिलहाल मौसम अपेक्षाकृत शुष्क रहने का अनुमान है, हालांकि कुछ स्थानों पर बादल छाए रह सकते हैं। मौसम विभाग ने पर्वतीय क्षेत्रों के लिए अलर्ट जारी करते हुए कहा है कि कुछ जगहों पर 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं और आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका बनी हुई है।
राजधानी देहरादून में भी मौसम का मिजाज बदला हुआ नजर आएगा। मौसम विभाग के अनुसार शहर में आसमान आंशिक रूप से बादलों से ढका रहेगा और कुछ इलाकों में हल्की बारिश या गरज के साथ बादल बनने की संभावना है। देहरादून में अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

More Stories
उत्तराखंड स्वस्थ देवभूमि की ओर बड़ा कदम: उत्तराखंड में गुटखा और निकोटीन उत्पादों के उत्पादन, स्टॉक व बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध। देखिए स्पेशल रिपोर्ट (वीडियो)
उत्तराखंड विकास कार्यों को रफ्तार देने में जुटे सीएम धामी, 1 नवंबर तक अधूरे प्रोजेक्ट्स पूरे करने की सख्त डेडलाइन, सीएम हेल्पलाइन 1905 को प्रभावी बनाने के निर्देश,,,
उत्तराखंड सर्दियों की दस्तक पर देहरादून जू में वन्यजीवों के डाइट चार्ट में किया बदलाव और हीटर और हीटिंग बल्ब से मिलेगी जानवरों को गर्माहट,,,