उत्तराखंड रुद्रपुर में सतर्कता अधिष्ठान की बड़ी कार्रवाई: पेड़ कटान अनुमति के बदले रिश्वत लेते अधिकारी रंगे हाथ गिरफ्तार,,,,
रुद्रपुर: उत्तराखंड में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सतर्कता अधिष्ठान की टीम लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में उधम सिंह नगर जनपद के किच्छा क्षेत्र में सतर्कता अधिष्ठान ने एक सरकारी अधिकारी को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान बादल पाण्डे पुत्र बची राम पाण्डे, निवासी शक्ति विहार तल्ली हल्द्वानी के रूप में हुई है। आरोपी पर पेड़ कटान की अनुमति देने के बदले रिश्वत मांगने का आरोप है।
शिकायतकर्ता के अनुसार वह पिछले 5–6 वर्षों से लकड़ी का ठेकेदार है। उसने ग्राम गऊघाट में काश्तकारों से आम के पेड़ खरीदे थे। नियमों के तहत पेड़ों की कटाई के लिए अनुमति लेना आवश्यक होता है, जिसके लिए उसने 26 पेड़ों की कटाई के लिए संबंधित विभाग में आवेदन किया था।
आरोप है कि निरीक्षण और सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होने के बावजूद आरोपी अधिकारी ने पेड़ों की कटाई की अनुमति जारी करने के बदले ₹12,000 की रिश्वत की मांग की।
मामले की शिकायत मिलने के बाद हल्द्वानी स्थित सतर्कता अधिष्ठान ने इसकी पुष्टि कर केस दर्ज किया। इसके बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक ट्रैप टीम का गठन कर योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई की गई।
9 अप्रैल को सतर्कता टीम ने किच्छा स्थित उद्यान सचल दल केंद्र कार्यालय में कार्रवाई करते हुए आरोपी को शिकायतकर्ता से ₹12,000 की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
सतर्कता विभाग के निदेशक डॉ. वी. मुरूगेशन ने आम जनता से अपील की है कि यदि कोई सरकारी अधिकारी या कर्मचारी रिश्वत की मांग करता है तो इसकी सूचना तुरंत सतर्कता विभाग को दें। इसके लिए विभाग ने टोल फ्री नंबर 1064 और व्हाट्सएप नंबर 9456592300 जारी किया है, जहां शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।


More Stories
उत्तराखंड राजकीय दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल में ड्रेस कोड को लेकर हुई सख्ती, ड्यूटी के दौरान जींस-टीशर्ट पहनने पर लगी रोक- डॉ. दौलत सिंह
आज का भविष्यफल – क्या कहते हैं आपकी किस्मत के सितारे दिन बृहस्पतिवार दिनांक 13/08/2026
देश – दुनिया, 1100 करोड़ की मुकंदरा-चेचट टनल, पहली ही बारिश में खुली पोल टनल में भरा 3 फीट पानी, NHAI ने दी सफाई,,,