उत्तराखंड के औली में नेशनल विंटर गेम्स की तैयारियां जोरों पर, GMVN और विंटर गेम्स एसोसिएशन ने स्की स्लोप किया तैयार,,,

गोपेश्वर: विश्व प्रसिद्ध स्कीइंग स्थल औली में 12 से 16 फरवरी तक आयोजित होने वाले नेशनल विंटर गेम्स (नेशनल स्की चैंपियनशिप) की तैयारियां जोरों पर हैं।
हालांकि, आठ नंबर टावर के पास स्थित नंदा देवी स्की स्लोप पर तेजी से बर्फ पिघल रही है, इसलिए आयोजकों ने विकल्प के तौर पर 10 नंबर टावर के पास स्थित पुराने स्लोप को कवर करने के लिए नेट लगाने का कार्य शुरू कर दिया है।
ताकि इस पर विंटर गेम्स कराए जा सकें। इस स्लोप पर वर्ष 2011 से पहले नेशनल गेम्स का आयोजन होता रहा है और पिछले वर्ष भी औली में बर्फ की कमी के चलते नेशनल स्कीइंग प्रतियोगिता यहीं आयोजित की गई थी।
विंटर गेम्स एसोसिएशन आफ उत्तराखंड और गढ़वाल मंडल विकास निगम (जीएमवीएन) के विशेषज्ञ लगातार औली के स्की स्लोप पर नजर बनाए हुए हैं।
वर्तमान में 10 नंबर टावर के पास स्थित स्लोप पर विंटर गेम्स के लिए पर्याप्त बर्फ मौजूद है, इसलिए इसे तैयार करने का कार्य तेजी से चल रहा है। जीएमवीएन के तकनीकी विशेषज्ञ कमल किशोर डिमारी ने बताया कि नेट लगाकर स्लोप को नेशनल विंटर गेम्स के लिए तैयार किया जा रहा है।
खिलाड़ियों की सुरक्षा पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। विंटर गेम्स एसोसिएशन के सहसचिव एवं नेशनल स्की कोच अजय भट्ट ने बताया कि तकनीकी टीम ने औली में नेशनल गेम्स के आयोजन की तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है। प्रतियोगिता में हिस्सा लेने को लेकर देशभर के खिलाड़ियों में उत्साह है।
गौरसों भी है विकल्प
नेशनल विंटर गेम्स के लिए औली से तीन किमी ऊपर गौरसों स्थित स्कीइंग स्लोप को विकल्प के रूप में रखा गया है। यहां आवश्यकता से ज्यादा बर्फ मौजूद है, इसलिए औली में पूरी तरह बर्फ पिघलने पर भी यहां आसानी से विंटर गेम्स कराए जा सकते हैं।
इस स्लोप पर पहले भी प्रतियोगिताएं आयोजित हो चुकी हैं। हालांकि, विंटर गेम्स एसोसिएशन के सहसचिव अजय भट्ट का कहना है कि गौरसों जाने की नौबत ही नहीं आएगी, क्योंकि दस नंबर टावर के पास स्थित स्लोप पर बर्फ की कोई कमी नहीं है।
होटल व पर्यटन कारोबारियों से लिए सुझाव
उत्तराखंड की स्कीइंग टीम औली में लगातार अभ्यास कर रही है, ताकि प्रतियोगिताओं में अपनी श्रेष्ठता बनाए रख सके। स्थानीय स्कीयर्स अजय, गौरव और अन्य खिलाड़ी नंदा देवी स्लोप पर अपने कौशल का प्रदर्शन कर रहे हैं।
इस बीच एसडीएम ने ज्योतिर्मठ में होटल और पर्यटन कारोबारियों के साथ बैठक कर सुझाव लिए। रणनीति के अनुसार नेशनल स्की चैंपियनशिप में हिस्सा ले रहे खिलाड़ियों को औली में ही ठहराया जाएगा, जबकि ज्योतिर्मठ व सुनील वार्ड में भी मेहमानों के लिए रहने-खाने की व्यवस्था की जाएगी।

More Stories
उत्तराखंड प्रदेश में 3 से 4 जिलों के DM सहित CDO, ADM और SDM स्तर पर बदलाव की संभावना, तीन साल से जमे अफसरों पर गिरेगी गाज,,,
उत्तराखंड में अब ग्रामीण सड़कों का बिछेगा जाल, PMGSY-IV के तहत ₹2,708 करोड़ की परियोजनाओं को शीघ्र मंजूरी पर सहमति,,,
उत्तराखंड हरिद्वार कुंभ मेला-2027 हेतु मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आधिकारिक लोगो, वेबसाइट और थीम सॉन्ग का किया लोकार्पण,,,,