उत्तराखंड गढ़वाल विवि फर्जी डिग्री प्रकरण मामले में पौड़ी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दिल्ली के वसंत विहार से तीसरा आरोपी गिरफ्तार,,,

श्रीनगर (गढ़वाल): हेमवती नंदन बहुगुणा (एचएनबी) गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय की फर्जी अंकतालिका, डिग्री और अन्य फर्जी दस्तावेज तैयार करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के खिलाफ पौड़ी पुलिस को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है।
“विवि के नाम पर फर्जी डिग्री और अंकतालिका तैयार करने वाले गिरोह पर शिकंजा; मामले में 6 आरोपी नामजद, अब तक 3 भेजे जा चुके हैं जेल”
पुलिस टीम ने शनिवार को मामले में शामिल तीसरे नामजद आरोपी मनजीत सिंह को दिल्ली के पॉश इलाके वसंत विहार से धर दबोचा। इस हाई-प्रोफाइल मामले में कुल छह आरोपी नामजद हैं, जिनमें से तीन की गिरफ्तारी अब तक की जा चुकी है।
परीक्षा नियंत्रक की तहरीर पर दर्ज हुआ था मुकदमा
इस फर्जीवाड़े का खुलासा तब हुआ जब गढ़वाल विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक प्रो. जय सिंह चौहान ने बीते 25 मार्च को श्रीनगर कोतवाली में एक औपचारिक शिकायती पत्र सौंपा था। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि कासिफ कलीम और उसके अन्य साथियों द्वारा विश्वविद्यालय के नाम से फर्जी डिग्री, अंकतालिकाएं व अन्य शैक्षिक दस्तावेज तैयार कर विभिन्न स्थानों पर अवैध रूप से इस्तेमाल किए जा रहे हैं। इस तहरीर के आधार पर श्रीनगर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर तफ्तीश शुरू की थी।
एसएसपी के निर्देश पर गठित हुई थी विशेष टीम

मामले की गंभीरता और विश्वविद्यालय की साख से जुड़ा विषय होने के चलते वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) पौड़ी, सर्वेश पंवार ने त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद अपर पुलिस अधीक्षक कोटद्वार मनोज कुमार ठाकुर के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी (सीओ) तपेश कुमार के कुशल नेतृत्व में कोतवाली श्रीनगर के प्रभारी निरीक्षक कुलदीप सिंह की एक विशेष पुलिस टीम गठित की गई।
अब तक तीन आरोपियों पर कानूनी शिकंजा
पुलिस टीम ने सघन जांच और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपियों की धरपकड़ शुरू की। पुलिस के अनुसार, गिरोह के मुख्य सदस्यों में शामिल आरोपी देवांश पांडे और कासिफ कलीम को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। इसी क्रम में लगातार सुराग तलाश रही पुलिस टीम ने शनिवार को तीसरे आरोपी मनजीत सिंह को साउथ दिल्ली के वसंत विहार क्षेत्र से गिरफ्तार करने में सफलता पाई। पुलिस अब गिरोह में शामिल अन्य शेष नामजद आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।

More Stories
उत्तराखंड SIR के बाद नैनीताल जिले की मतदाता सूची में हुआ बड़ा फेरबदल, सभी 6 विधानसभाओं में घटे वोटर, बदल सकता है सियासी गणित,,,
उत्तराखंड दोस्ती का दर्दनाक अंत, मित्र को डूबता देख मित्र ने लगाई पानी में छलांग, दोनों को बहा ले गई तेज़ लहरें,,,
उत्तराखंड राज्यसभा चुनाव, लंबी रायशुमारी के बाद सीएम धामी की पसंद पड़ी सबपर भारी, भाजपा ने दिनेश आर्य को बनाया राज्यसभा प्रत्याशी,,,,