उत्तराखंड देहरादून जामुनवाला मर्डर मिस्ट्री, 500 कैमरे खंगाले पर नहीं मिला सुराग, अब गुलाब के टैटू और हॉस्टल रिकॉर्ड से होगी कातिल तक पहुंचने की कोशिश,,,
देहरादून: राजधानी देहरादून के प्रेमनगर थाना क्षेत्र स्थित जामुनवाला के जंगल में 18 नवंबर को एक बोरे में मिले अज्ञात युवती के शव की गुत्थी सुलझाना पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बन गया है। घटना के चार दिन बीत जाने के बावजूद मृतका की शिनाख्त नहीं हो पाई है। पुलिस का मानना है कि युवती की गला रेतकर हत्या किसी अन्य स्थान पर की गई और साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को यहां कूड़े के ढेर के पास फेंका गया।
आठ टीमें जांच में जुटीं, 500 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले
मामले के खुलासे और युवती की पहचान के लिए पुलिस की आठ विशेष टीमें गठित की गई हैं। इनमें से चार टीमें घटनास्थल और आसपास के मार्गों पर लगे 500 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही हैं, जबकि दो टीमें सर्विलांस और दो टीमें स्थानीय स्तर पर पूछताछ कर रही हैं। फुटेज में घटनास्थल के पास एक संदिग्ध कार नजर आई थी, लेकिन जांच में स्पष्ट हुआ कि वह टायर पंचर होने के कारण वहां खड़ी थी, जिससे पुलिस के हाथ कोई ठोस सुराग नहीं लग सका।
हाथ पर बने दो टैटू बने जांच का मुख्य आधार
मृतका की पहचान के लिए अब उसके हाथ पर बने दो टैटू को सबसे अहम कड़ी माना जा रहा है। पुलिस के अनुसार, हाथ के ऊपरी हिस्से में बना टैटू करीब 10 से 12 साल पुराना है, जबकि नीचे की ओर बना गुलाब का टैटू 2 से 3 साल पुराना प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने टैटू की तस्वीरें सार्वजनिक करने के साथ ही 5 से 7 अन्य राज्यों की पुलिस को भी पंपलेट भेजे हैं। देहरादून के अधिकांश टैटू आर्टिस्ट से पूछताछ पूरी करने के बाद अब हरिद्वार, विकासनगर और पांवटा साहिब समेत आसपास के क्षेत्रों के आर्टिस्ट से संपर्क किया जा रहा है।
हॉस्टलों के रिकॉर्ड और बाहरी राज्यों की गुमशुदगी पर नजर
प्रेमनगर क्षेत्र में बड़ी संख्या में शिक्षण संस्थान और गर्ल्स हॉस्टल होने के कारण पुलिस अब हॉस्टलों में रहने वाली युवतियों का रिकॉर्ड खंगाल रही है। हाल के दिनों में अचानक लापता हुई युवतियों का ब्योरा मृतका के हुलिए और उम्र से मिलाया जा रहा है। इसके अतिरिक्त, दिल्ली, चंडीगढ़ और अन्य पड़ोसी राज्यों की पुलिस से भी संपर्क कर वहां दर्ज गुमशुदगी के मामलों की जानकारी जुटाई जा रही है।
”घटना के खुलासे के लिए पुलिस की आठ टीमें अलग-अलग पहलुओं पर काम कर रही हैं। टैटू की पहचान के लिए देहरादून के साथ-साथ आसपास के जनपदों के टैटू आर्टिस्ट से पूछताछ की जा रही है और कई राज्यों को पंपलेट भेजे गए हैं। जल्द ही मामले का पर्दाफाश कर दिया जाएगा- गिरीश नेगी, प्रभारी निरीक्षक, थाना प्रेमनगर


More Stories
उत्तराखंड “हरिद्वार मिशन 2027” के शंखनाद के साथ भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक शुरू, बांसुरी स्वराज ने किया प्रदेश में तीसरी बार सरकार बनाने का दावा,,,
उत्तराखंड 13 साल सेवा के बाद कर्मी को हटाने पर हाईकोर्ट सख्त, सरकार से संविदा और आउटसोर्सिंग व्यवस्था का मांगा ब्योरा,,,
देहरादून 365 दिन रोजगार की मांग को लेकर आंदोलित पीआरडी जवानों के समर्थन में उतरी कांग्रेस, जवानों के आंदोलन को बताया जायज,,,