उत्तराखंड गोमुख और गंगोत्री ग्लेशियर की चोटियों पर पर्वतारोहण को हरी झंडी, तपोवन व केदारताल ट्रैक फिलहाल बंद,,,
देहरादून। प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में मौसम की बदलती परिस्थितियों और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए वन विभाग ने ट्रैकिंग व पर्वतारोहण को लेकर नई गाइडलाइन जारी की है।
उत्तराखंड उच्च हिमालयी क्षेत्रों में बर्फबारी के अलर्ट के बीच वन विभाग ने लागू की नई व्यवस्था, नेलांग, जादूंग और गड़तालगली पर्यटकों के लिए खुले
विभाग ने गोमुख और गंगोत्री ग्लेशियर की ऊंची चोटियों पर पर्वतारोहण की अनुमति बहाल कर दी है, जबकि भारी बर्फबारी के चलते तपोवन और केदारताल ट्रैक को सामान्य ट्रैकर्स के लिए फिलहाल बंद रखने का फैसला लिया गया है।
रेस्क्यू अभियान के बाद लगी थी रोक
बीते माह के अंतिम सप्ताह में गोमुख सहित उच्च हिमालयी क्षेत्रों में हुई अचानक भारी बर्फबारी के कारण करीब दो सौ से अधिक ट्रैकर्स और पर्वतारोही फंस गए थे। इसके बाद शासन-प्रशासन ने युद्धस्तर पर हेली रेस्क्यू अभियान चलाकर सभी लोगों को सकुशल निकाला था। सुरक्षा के मद्देनजर प्रशासन ने उच्च हिमालयी क्षेत्रों में ट्रैकिंग और पर्वतारोहण गतिविधियों पर अस्थायी रोक लगा दी थी।
तपोवन व केदारताल में भारी बर्फ, गोमुख तक अनुमति

गंगोत्री नेशनल पार्क के रेंज अधिकारी प्रदीप बिष्ट के अनुसार, गोमुख तक ट्रैकिंग की अनुमति दे दी गई है, लेकिन तपोवन और केदारताल मार्गों पर भारी मात्रा में बर्फ जमी होने के कारण इन दोनों ट्रैक्स को अभी आम ट्रैकर्स के लिए बंद रखा गया है।
मुख्यालय से अनुमति और मौसम अलर्ट के साथ आवाजाही
रेंज अधिकारी ने स्पष्ट किया कि उच्च हिमालयी चोटियों के लिए पर्वतारोहण की अनुमति वन विभाग मुख्यालय स्तर से प्रदान की जाती है। मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए सभी पर्वतारोही दलों को मौसम की सटीक जानकारी, पूर्व सूचना और विशेष सुरक्षा अलर्ट के साथ ही रवाना किया जा रहा है।
इसके साथ ही उन्होंने बताया कि सीमांत क्षेत्र में स्थित नेलांग-जादूंग और ऐतिहासिक गड़तालगली मार्ग पूरी तरह सुरक्षित हैं और पर्यटकों की आवाजाही के लिए खुले हुए हैं। प्रशासन ने ऊंचाई वाले इलाकों में जाने वाले सभी यात्रियों को अत्यधिक सावधानी बरतने की सलाह दी है।

More Stories
उत्तराखंड में फिर बदला मौसम का मिजाज, देहरादून, नैनीताल और पिथौरागढ़ में भारी बारिश का येलो अलर्ट, चोटियों पर बर्फबारी के आसार,,,
उत्तराखंड हरिद्वार में बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि से अचानक बढ़ी ठंड, तापमान में गिरावट से मौसम हुआ सुहाना,,,,
“दवा घोटाला” अब महंगे गिफ्ट और विदेशी यात्रा टिकट देकर डॉक्टरों से महंगी दवा नहीं लिखवा सकेंगी फार्मा कंपनियां, सुप्रीम कोर्ट का केंद्र को सख्त निर्देश,,,