उत्तराखंड में फिर बदला मौसम का मिजाज, देहरादून, नैनीताल और पिथौरागढ़ में भारी बारिश का येलो अलर्ट, चोटियों पर बर्फबारी के आसार,,,

देहरादून। उत्तराखंड में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, 9 और 10 अक्टूबर को राज्य के अधिकांश हिस्सों में बारिश, गर्जन और तेज झोंकेदार हवाओं का दौर जारी रहेगा।
10 अक्टूबर तक तेज हवाओं और आकाशीय बिजली की चेतावनी, 11 अक्टूबर से मैदानी इलाकों में शुष्क रहेगा मौसम, उच्च हिमालयी क्षेत्रों में जारी रहेगी बर्फबारी
वहीं, 11 से 15 अक्टूबर के बीच मैदानी जिलों में मौसम साफ रहने तथा उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की बारिश व बर्फबारी की संभावना जताई गई है।
आज तीन जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट
शुक्रवार, 9 अक्टूबर को प्रदेश के अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने का अनुमान है। मौसम विभाग ने देहरादून, नैनीताल और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश को देखते हुए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है। इसके साथ ही राज्यभर में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से तेज हवाएं चलने और आकाशीय बिजली चमकने की चेतावनी दी गई है। टिहरी, पौड़ी, उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग और बागेश्वर सहित अन्य पर्वतीय क्षेत्रों में भी मौसम का असर दिखेगा। 4200 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी की संभावना बनी हुई है।
शनिवार को भी सक्रिय रहेगा मौसम तंत्र
शनिवार, 10 अक्टूबर को भी मौसमी गतिविधियां तेज रहेंगी। प्रदेश के सभी जनपदों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं। इस दौरान देहरादून, टिहरी, चमोली, रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी, नैनीताल, चंपावत, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और बिजली चमकने का अंदेशा है। इस अवधि में 3800 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी का दायरा बढ़ सकता है।
11 से 15 अक्टूबर तक ऐसा रहेगा मौसम का रुख
मौसम विभाग के अनुसार 11 अक्टूबर से राज्य के मैदानी जिलों में मौसम मुख्यतः शुष्क होने लगेगा, जबकि पर्वतीय क्षेत्रों में ठंडक और बर्फबारी का सिलसिला जारी रहेगा:
- 11 अक्टूबर: हरिद्वार और उधमसिंह नगर में मौसम पूरी तरह शुष्क रहेगा, जबकि पर्वतीय जिलों में छिटपुट हल्की बारिश और 3800 मीटर से ऊंचे इलाकों में बर्फबारी के आसार हैं।
- 12 व 13 अक्टूबर: उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, पिथौरागढ़, टिहरी और देहरादून के पर्वतीय हिस्सों में बहुत हल्की से हल्की बारिश और ऊंचाई वाली चोटियों पर हिमपात हो सकता है।
- 14 व 15 अक्टूबर: उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ के सुदूर उच्च हिमालयी क्षेत्रों में कहीं-कहीं हल्की बारिश व बर्फबारी देखने को मिल सकती है, जबकि शेष जिलों में मौसम साफ रहेगा।

More Stories
उत्तराखंड गोमुख और गंगोत्री ग्लेशियर की चोटियों पर पर्वतारोहण को हरी झंडी, तपोवन व केदारताल ट्रैक फिलहाल बंद,,,
उत्तराखंड हरिद्वार में बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि से अचानक बढ़ी ठंड, तापमान में गिरावट से मौसम हुआ सुहाना,,,,
“दवा घोटाला” अब महंगे गिफ्ट और विदेशी यात्रा टिकट देकर डॉक्टरों से महंगी दवा नहीं लिखवा सकेंगी फार्मा कंपनियां, सुप्रीम कोर्ट का केंद्र को सख्त निर्देश,,,