April 15, 2026

उत्तराखंड दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर से हरिद्वार को मिलेगी बड़ी राहत, जून तक तैयार हो जाएगा 51KM का हरिद्वार -सहारनपुर बाइपास,,,

उत्तराखंड दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर से हरिद्वार को मिलेगी बड़ी राहत, जून तक तैयार हो जाएगा 51KM का हरिद्वार -सहारनपुर बाइपास,,,

हरिद्वार। दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर के निर्माण से जहां राजधानी दिल्ली और देहरादून के बीच की दूरी कम होगी, वहीं धर्मनगरी हरिद्वार, सिडकुल औद्योगिक क्षेत्र, रुड़की-भगवानपुर और सहारनपुर से दिल्ली पहुंचना भी पहले के मुकाबले काफी आसान हो जाएगा। हालांकि, 51 किलोमीटर लंबे सहारनपुर-हरिद्वार बाइपास का निर्माण कार्य जून 2026 तक पूरा होने की संभावना है।
इस बाइपास के तैयार होने से हरिद्वार-मेरठ हाईवे पर लगने वाले जाम से राहत मिलेगी और दिल्ली पहुंचने में लगने वाला समय काफी कम हो जाएगा। देहरादून में आयोजित कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने घोषणा की कि सहारनपुर-हरिद्वार बाइपास का उद्घाटन इसी वर्ष जून में किया जाएगा, जिससे हरिद्वार और ऋषिकेश दोनों को बड़ा लाभ मिलेगा।
दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर से हरिद्वार को जोड़ने के लिए सहारनपुर से हरिद्वार तक 51 किलोमीटर लंबे बाइपास मार्ग का निर्माण किया जा रहा है, जिसे एनएच-344बी नाम दिया गया है। यह छह लेन चौड़ा मार्ग रुड़की के पास से होकर सहारनपुर में मुख्य कॉरिडोर से जुड़ेगा। परियोजना का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है और इसके पूर्ण होने के बाद हरिद्वार से दिल्ली की दूरी तय करने में मात्र तीन घंटे का समय लगेगा।
वर्तमान में हरिद्वार से मेरठ होते हुए दिल्ली पहुंचने में पांच से छह घंटे लगते हैं, साथ ही जाम की समस्या भी यात्रियों के लिए बड़ी परेशानी बनी रहती है। यह नया मार्ग विशेष रूप से कांवड़ यात्रा, कुंभ और अर्धकुंभ जैसे बड़े आयोजनों के दौरान बेहद उपयोगी साबित होगा। साथ ही सिडकुल, रुड़की और भगवानपुर के औद्योगिक क्षेत्रों के लिए यह मार्ग लाइफलाइन की भूमिका निभाएगा।
कॉरिडोर के विस्तार से हरिद्वार के साथ-साथ ऋषिकेश तक पहुंचना भी और आसान हो जाएगा। दिल्ली, हरियाणा और राजस्थान से आने वाले श्रद्धालु सीधे हरिद्वार पहुंचकर बिना किसी बाधा के ऋषिकेश जा सकेंगे, जिससे चारधाम यात्रा पर जाने वाले यात्रियों को भी बड़ी सुविधा मिलेगी।
इसके अलावा, हरिद्वार में 861 करोड़ रुपये की लागत से बन रहा फोरलेन ग्रीनफील्ड बाइपास (फेज-वन) अक्टूबर 2026 तक पूरा होने की उम्मीद है। करीब 15 किलोमीटर लंबा यह बाइपास बहादराबाद से श्यामपुर कांगड़ी तक बनाया जा रहा है, जो हरिद्वार-नजीबाबाद हाईवे से जुड़कर शहर के बाहरी हिस्से से यातायात को डायवर्ट करेगा। इससे शहर के भीतर लगने वाले जाम से बड़ी राहत मिलेगी, खासकर यात्रा सीजन और पर्वों के दौरान।
सरकार द्वारा इस परियोजना के दूसरे चरण की भी तैयारी की जा रही है, जिसके तहत फेज-टू का कार्य जल्द शुरू होने की संभावना है। इसके पूर्ण होने पर यह बाइपास एक रिंग रोड का रूप ले लेगा, जो हरिद्वार को चारों ओर से जोड़ते हुए ऋषिकेश और उत्तराखंड के अन्य हिस्सों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण साबित होगा।

You may have missed

Share