उत्तराखंड बिंदुखत्ता को राजस्व ग्राम बनाने की मांग तेज, 23वें दिन शांतिनगर से गांधीनगर पहुंची पदयात्रा, गौलापार के आंदोलन से जुड़ने की तैयारी,,,

बिंदुखत्ता। बिंदुखत्ता को राजस्व ग्राम घोषित कराने की मांग को लेकर ग्रामीणों का आंदोलन लगातार उग्र होता जा रहा है। आंदोलन के 23वें दिन रविवार को शांतिनगर से हल्दूधार होते हुए यह पदयात्रा गांधीनगर स्थित भगवती मंदिर पहुंची, जहां ग्रामीणों ने रात्रि पड़ाव डाला। इस पदयात्रा में लगभग 1500 ग्रामीणों ने भाग लिया और जनगीतों व लोकगीतों की धुन के साथ एकजुट होकर अपनी मांग को बुलंद किया। पदयात्रा के मार्ग में विभिन्न स्थानों पर नुक्कड़ सभाएं भी आयोजित की गईं, जिनमें सरकार से राजस्व ग्राम की प्रक्रिया जल्द पूरी करने की पुरजोर मांग की गई।
वनाधिकार अधिनियम के तहत पात्रता और लंबित अधिसूचना
वन अधिकार संगठन के वरिष्ठ उपाध्यक्ष भरत नेगी ने जानकारी दी कि बिंदुखत्ता के वासी पीढ़ियों से वनाश्रित हैं और वनाधिकार अधिनियम, 2006 के अंतर्गत राजस्व ग्राम की पूरी पात्रता रखते हैं। उन्होंने बताया कि क्षेत्र की 32 बस्तियों व वन ग्रामों के 11,703 दावेदारों द्वारा प्रस्तुत सामुदायिक दावा 19 जून 2024 को जिला स्तरीय वन अधिकार समिति (DLC) द्वारा सर्वसम्मति से पारित किया जा चुका है। इसे राजस्व ग्राम की अधिसूचना और बंदोबस्ती कार्यवाही के लिए शासन को भेजा गया था। तत्कालीन मुख्य सचिव राधा रतूड़ी ने भी 21 अक्टूबर 2024 को राजस्व सचिव को इसके लिए लिखित निर्देश दिए थे, लेकिन इसके बावजूद अधिसूचना अब तक लंबित है। अधिसूचना न मिलने के कारण ग्रामीण केंद्र और राज्य सरकार की कई जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभ से वंचित हैं।
गौलापार के आंदोलन से जुड़ने की तैयारी
वन अधिकार संगठन के संरक्षक रमेश गोस्वामी ने घोषणा की है कि बिंदुखत्ता का एक प्रतिनिधिमंडल जल्द ही गौलापार में राजस्व ग्राम की मांग को लेकर पदयात्रा कर रहे ग्रामीणों से मुलाकात करेगा। दोनों क्षेत्रों के आंदोलनों को आपस में जोड़कर एक संयुक्त आंदोलन की संभावना पर भी गंभीर विचार चल रहा है। जरूरत पड़ने पर प्रस्तावित रैली को लालकुआं के स्थान पर गौलापार के ग्रामीणों के साथ मिलकर हल्द्वानी में आयोजित किया जा सकता है।
व्यापक जनसहभागिता
इस पदयात्रा के दौरान संगठन के अध्यक्ष उमेश भट्ट, रमेश गोस्वामी, बलवंत बिष्ट, जीवन पांडेय, भरत नेगी, महिलाओं में कमला देवी, चंद्राकला कुनियाल, रेखा देवी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

More Stories
उत्तराखंड बजट में विकास, किसान और बुनियादी ढांचे पर जोर, धामी कैबिनेट ने उत्तराखंड विधानसभा में प्रस्तुत किया ₹7,844.18 करोड़ का अनुपूरक बजट ,,,
“उत्तराखंड – अपडेट” बागेश्वर में शाम के वक्त डोली धरती, 2.8 तीव्रता के भूकंप से लोगों में दहशत, किसी नुकसान की खबर नहीं,,,
उत्तराखंड भराड़ीसैंण में आज से अंतिम विधानसभा सत्र, सदन में 7 हजार करोड़ का अनुपूरक बजट, बाहर विपक्ष व यूकेडी का संग्राम: गैरसैंण सत्र के पहले दिन चढ़ा सियासी पारा,,,