उत्तराखंड मुनस्यारी और पिथौरागढ़ की ऊंची चोटियों पर हुआ हिमपात, भारी बारिश से कैलाश मानसरोवर मार्ग बंद और काली नदी उफान पर,,,

मुनस्यारी / पिथौरागढ़। उत्तराखंड के उच्च हिमालयी क्षेत्रों में मौसम ने करवट ली है। मुनस्यारी स्थित हिमालय की ऊंची चोटियों पर मौसम का पहला हिमपात होने की सूचना मिली है। सामान्यतः मानसून काल में 15 अगस्त के बाद ही हिमपात का सिलसिला शुरू होता है। बताया जा रहा है कि यह हिमपात पाउडर जैसा होता है जो धूप खिलने पर जल्दी पिघल जाता है।
इन चोटियों पर हुआ हिमपात
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सर्वाधिक ऊंची चोटियों जैसे नंदादेवी, नंदाकोट, हरदेवल, त्रिशूली और पंचाचूली की चोटियों पर हिमपात दर्ज किया गया है, हालांकि पंचाचूली की चोटियों पर बहुत हल्का हिमपात हुआ है। मौसम के इस पहले हल्के हिमपात के बाद क्षेत्र के तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की जाने लगी है।
पिथौरागढ़ जिले में भारी बारिश का कहर, खतरे के निशान से ऊपर बह रही काली नदी
एक तरफ जहां ऊंची चोटियों पर बर्फबारी शुरू हुई है, वहीं पिथौरागढ़ जिले में लगातार भारी वर्षा का दौर जारी है। शुक्रवार रात्रि मुनस्यारी, तेजम, कनालीछीना और पिथौरागढ़ में मूसलाधार बारिश हुई, जबकि अन्य इलाकों में मध्यम वर्षा दर्ज की गई। मूसलाधार बारिश के चलते धारचूला में काली नदी उफान पर आ गई है। नदी का जलस्तर 889.50 मीटर तक पहुंच गया है, जो इसके 889 मीटर के चेतावनी स्तर से ऊपर है। नदी के लगातार खतरे के निशान की ओर बढ़ने से तटवर्ती इलाकों में बसे लोगों के बीच दहशत का माहौल है।
सड़कें बंद, चीन सीमा से संपर्क टूटा
सुबह से ही जिला मुख्यालय सहित पूरे पिथौरागढ़ क्षेत्र में भारी बारिश जारी है। इस भारी वर्षा के कारण जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। कैलाश मानसरोवर यात्रा मार्ग पर एस बैंड के पास और प्यलसिती के समीप भारी भूस्खलन होने से सड़क का एक बड़ा हिस्सा बह गया है, जिससे चीन सीमा का संपर्क पूरी तरह से भंग हो चुका है। इसके अलावा, बालमारा के पास मलबा आने से मुनस्यारी-जौलजीबी मार्ग भी यातायात के लिए पूरी तरह बंद है। प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है और मार्ग बहाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

More Stories
उत्तराखंड बिंदुखत्ता को राजस्व ग्राम बनाने की मांग तेज, 23वें दिन शांतिनगर से गांधीनगर पहुंची पदयात्रा, गौलापार के आंदोलन से जुड़ने की तैयारी,,,
हरिद्वार श्यामपुर विधायक अनुपमा रावत की प्रेस वार्ता में जलभराव को लेकर हंगामा, ग्रामीणों ने किया विरोध-प्रदर्शन,,,,
उत्तराखंड हरिद्वार श्यामपुर में फिर हुआ दर्दनाक हादसा, नई स्कूटी पर घूमने निकले थे दोनों दोस्त, हादसे में चिराग की मृत्यु परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल,,,