August 22, 2026

उत्तराखंड में मौसम का भारी कहर, ऊधमसिंह नगर में स्कूल-आंगनबाड़ी बंद और नैनीताल में 15 सड़को पर आवाजाही ठप,,,

उत्तराखंड में मौसम का भारी कहर, ऊधमसिंह नगर में स्कूल-आंगनबाड़ी बंद और नैनीताल में 15 सड़को पर आवाजाही ठप,,,

​देहरादून।भारी बारिश और खराब मौसम के चलते उत्तराखंड के कई जिलों में जनजीवन प्रभावित हुआ है। मौसम विभाग की ओर से जारी भारी बारिश, गरज-चमक और आकाशीय बिजली के रेड अलर्ट को देखते हुए ऊधमसिंह नगर जिला प्रशासन ने शुक्रवार, 21 अगस्त को सभी शैक्षणिक संस्थानों में अवकाश घोषित कर दिया है। जिलाधिकारी एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष नितिन भदौरिया द्वारा जारी आदेश के तहत जिले के सभी शासकीय, अर्द्धशासकीय, निजी विद्यालयों (कक्षा 1 से 12 तक) और आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों के लिए छुट्टी रही। हालांकि, शिक्षक, शिक्षणेत्तर कर्मचारी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाएं अपने संस्थानों में उपस्थित रहे। प्रशासन ने आदेश का उल्लंघन करने पर आपदा प्रबंधन अधिनियम, 2005 की धारा 51 के तहत कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी थी।

​दूसरी ओर, नैनीताल जिले में भी मौसम के कड़े तेवर देखने को मिल रहे हैं, जहां अगले दो दिनों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है और हल्की से मध्यम बारिश के आसार बने हुए हैं। लगातार हो रही बारिश के कारण जिले में यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ है और सुरक्षा की दृष्टि से 15 मुख्य मोटर मार्ग बंद कर दिए गए हैं। आपदा नियंत्रण कक्ष के अनुसार, बंद सड़कों में नथुवाखान-गड़गांव, बसगांव-जिनौली-तड़ी-सकदीना, देवली-सुई, ढोलीगांव-धेना, स्यूड़ा-कोंता-ककोड़-हरीशताल, बरेली-अल्मोड़ा-सिरसा, फतेहपुर-बेल, बिनकोट-चंद्रकोट, अंबेडकर ग्राम रिखोली मार्ग, बानना-जंगलियागांव, छड़ा-बेघरनाला, गर्जिया-बेतालघाट-खैरना-ओड़ाखान और पटवाडांगर-क्लोनडांगर मार्ग शामिल हैं। पर्वतीय क्षेत्रों में लगातार बारिश के चलते नदियों का जलस्तर भी बढ़ रहा है, जिससे प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है।

You may have missed

Share