August 26, 2026

उत्तराखंड हरिद्वार में विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम को लेकर अपर जिलाधिकारी की अध्यक्षता में हुई अहम बैठक, राजनैतिक दलों से मांगा सहयोग,,,,

उत्तराखंड हरिद्वार में विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम को लेकर अपर जिलाधिकारी की अध्यक्षता में हुई अहम बैठक, राजनैतिक दलों से मांगा सहयोग,,,,

हरिद्वार। जनपद में विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के सफल क्रियान्वयन को लेकर जिला कार्यालय सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में आयोजित इस बैठक की अध्यक्षता उप जिला निर्वाचन अधिकारी व अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) जितेंद्र कुमार ने की। बैठक में विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधि और निर्वाचन से जुड़े अधिकारी मुख्य रूप से मौजूद रहे।

🟢 पुनरीक्षण कार्यक्रम की समय सारणी घोषित

​बैठक के दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी जितेंद्र कुमार ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा 01 जुलाई 2026 की अर्हता तिथि के आधार पर आगामी विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम की घोषणा की जा चुकी है। उन्होंने कार्यक्रम के विभिन्न चरणों की तिथियां साझा करते हुए बताया:

  • 29 मई से 07 जून 2026: गणना प्रपत्रों की प्रिंटिंग और कर्मचारियों का प्रशिक्षण।
  • 08 जून से 07 जुलाई 2026: बी.एल.ओ (BLO) द्वारा घर-घर जाकर गणना प्रपत्रों का वितरण और संकलन।
  • 14 जुलाई 2026: ड्राफ्ट मतदाता सूची का प्रकाशन।
  • 14 जुलाई से 13 अगस्त 2026: दावे और आपत्तियां प्राप्त करने की अवधि।
  • 15 सितंबर 2026: अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन।

🟢 1715 बीएलओ संभालेंगे मोर्चा, घर-घर जाकर होगा सत्यापन

​अपर जिलाधिकारी ने जानकारी दी कि जनपद के 11 विधानसभा क्षेत्रों में इस वृहद कार्य को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए 11 ईआरओ (ERO), 64 एईआरओ (AERO) तथा 1715 बीएलओ (BLO) तैनात किए गए हैं। बीएलओ हर मतदाता के घर जाकर प्रपत्रों का वितरण करेंगे। इसके साथ ही, 01 जुलाई 2026 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले नए युवाओं के नाम मतदाता सूची में शामिल करने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। मतदाता सूची में नाम संशोधन और विलोपन की प्रक्रिया भी निर्धारित प्रपत्रों के माध्यम से की जाएगी।

🟢 राजनैतिक दलों से बीएलए नियुक्त करने की अपील

​उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी राजनैतिक दलों से अपेक्षा की कि वे त्रुटिरहित और शत-प्रतिशत शुद्ध मतदाता सूची तैयार करने में प्रशासन का सहयोग करें। उन्होंने अपील की:

​”जिन विधानसभा मतदेय स्थलों पर अभी तक बूथ लेवल एजेंट (BLA) नियुक्त नहीं किए गए हैं, वहां राजनैतिक दल शीघ्र नियुक्तियां सुनिश्चित करें ताकि निर्वाचन कार्य समयबद्ध तरीके से पूरे हो सकें।”

 

​इसके साथ ही उन्होंने संबंधित अधिकारियों को पूरे कार्यक्रम को पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने और मतदाता जागरूकता के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए।

🟢 बैठक में यह रहे मौजूद

​प्रशासन द्वारा की गई तैयारियों पर राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों ने संतोष व्यक्त किया। बैठक में भाजपा प्रतिनिधि नकली सिंह सैनी व सोनू धीमान, कांग्रेस प्रतिनिधि बालेश्वर सिंह, चंद्रपाल सिंह व सुरेंद्र ठाकुर, बहुजन समाज पार्टी के जिलाध्यक्ष मदनपाल, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी अरुणेश पैन्यूली, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी धनपाल सिंह रावत सहित अन्य विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

You may have missed

Share