दिल्ली–देहरादून एक्सप्रेसवे: 24 घंटे में वापसी पर 25% टोल छूट, ढाई घंटे में पूरा होगा सफर,,,,

देहरादून। नरेंद्र मोदी 14 अप्रैल को बहुप्रतीक्षित दिल्ली–देहरादून एक्सप्रेसवे का शुभारंभ करेंगे। 213 किलोमीटर लंबा यह ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे दिल्ली और देहरादून के बीच यात्रा को बेहद तेज और सुगम बना देगा। जहां पहले यह दूरी तय करने में लगभग 6 घंटे का समय लगता था, अब यह सफर महज ढाई घंटे में पूरा किया जा सकेगा।
टोल बढ़ा, लेकिन वापसी पर मिलेगी राहत
नए एक्सप्रेसवे पर यात्रा करना जहां समय की बचत करेगा, वहीं वाहन चालकों को पहले की तुलना में अधिक टोल देना होगा। पुराने मार्ग पर दिल्ली से देहरादून तक करीब 445 रुपये टोल लगता था, जबकि अब एक्सप्रेसवे से एक तरफ का टोल 675 रुपये निर्धारित किया गया है। हालांकि, यदि कोई यात्री 24 घंटे के भीतर वापसी करता है, तो उसे दोनों तरफ के लिए 1010 रुपये ही देने होंगे, जिससे कुल मिलाकर करीब 340 रुपये की बचत होगी।
एनएचएआई को सालाना 950 करोड़ तक राजस्व की उम्मीद
राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के अनुसार, इस एक्सप्रेसवे से हर साल 900 से 950 करोड़ रुपये तक का राजस्व मिलने की संभावना है। करीब 12 हजार करोड़ रुपये की लागत से तैयार इस 6-लेन एक्सेस कंट्रोल्ड कॉरिडोर की लागत 13 वर्षों में वसूल होने का अनुमान है।
कारों के लिए निर्धारित टोल दरें
दिल्ली–काठा (बागपत): 235 रुपये | 24 घंटे में वापसी: 350 रुपये
दिल्ली–रसूलपुर (सहारनपुर): 420 रुपये | वापसी: 630 रुपये
दिल्ली–सैयद माजरा (सहारनपुर): 530 रुपये | वापसी: 790 रुपये
दिल्ली–देहरादून: 675 रुपये | वापसी: 1010 रुपये
सख्त ट्रैफिक नियम लागू
एक्सप्रेसवे पर सुरक्षा और सुगम यातायात सुनिश्चित करने के लिए सख्त नियम लागू किए गए हैं। यात्रा के दौरान वाहन रोकना, यू-टर्न लेना या गलत दिशा में चलना पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। खासतौर पर जंगल क्षेत्र से गुजरते समय हॉर्न बजाने पर भी रोक रहेगी। सभी गतिविधियों की निगरानी इलेक्ट्रॉनिक कैमरों के माध्यम से की जाएगी और नियमों के उल्लंघन पर चालान किया जाएगा।

More Stories
उत्तराखंड पीएम मोदी के देहरादून कार्यक्रम से प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम नदारद, सियासी हलकों में उठे कई सवाल,,,
उत्तराखंड भारत के रोड इन्फ्रास्ट्रक्चर प्रगति में ऐतिहासिक कदम, प्रधानमंत्री ने आज दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर का किया लोकार्पण,,,,
देवभूमि उत्तराखंड में प्रधानमंत्री मोदी का हुआ भव्य स्वागत, 12 किमी लंबे रोड शो में भारी उत्साह से बड़ी संख्या में पहुंचे लोग,,,,