October 18, 2026

उत्तराखंड लंबे वीकेंड पर मसूरी और आसपास के पर्यटन स्थलों में उमड़ी भीड़, 70% तक पहुंचे होटल पैक; कारोबारियों के खिले चेहरे,,,,

उत्तराखंड लंबे वीकेंड पर मसूरी और आसपास के पर्यटन स्थलों में उमड़ी भीड़, 70% तक पहुंचे होटल पैक; कारोबारियों के खिले चेहरे,,,,

 

​मसूरी। लंबे सप्ताहांत (लॉन्ग वीकेंड) की शुरुआत होते ही पहाड़ों की रानी मसूरी सहित आसपास के प्रमुख पर्यटन स्थल सैलानियों से पूरी तरह गुलजार हो गए हैं। शनिवार दोपहर बाद से ही मसूरी, धनोल्टी, काणाताल, बुरांशखंडा और कैम्पटी फॉल में पर्यटकों की भारी आमद दर्ज की गई। पर्यटकों के इस भारी आगमन से स्थानीय पर्यटन कारोबारियों के चेहरे खिल उठे हैं और उन्हें आगामी चार दिनों में बंपर कारोबार की उम्मीद है।

​शनिवार सुबह और दोपहर तक शहर में सामान्य दिनों की तरह गतिविधियां रहीं, लेकिन दोपहर ढलते ही मैदानी इलाकों से आने वाले पर्यटकों की तादाद तेजी से बढ़ गई। शाम होते-होते मसूरी के प्रमुख बाजारों—मालरोड, लाइब्रेरी बाजार और कुलड़ी बाजार में देर रात तक पर्यटकों की खूब चहल-पहल देखी गई। इसके अलावा जॉर्ज एवरेस्ट, हाथी पांव, भट्टा फॉल, दलाई हिल, गनहिल, लाल टिब्बा, चार दुकान और अटल उद्यान जैसे दर्शनीय स्थलों पर दिनभर सैलानियों का तांता लगा रहा। राहत की बात यह रही कि इतनी भीड़ के बावजूद दून-मसूरी मार्ग और शहर की आंतरिक सड़कों पर यातायात सुचारू रहा और लोगों को जाम से जूझना नहीं पड़ा।

​रविवार और सोमवार को शत-प्रतिशत ऑक्यूपेंसी की उम्मीद

मसूरी होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष संजय अग्रवाल के अनुसार, शनिवार देर शाम तक नगर के होटलों में कमरों की ऑक्यूपेंसी 60 से 70 प्रतिशत तक दर्ज की जा चुकी थी, जिसमें लगातार इजाफा हो रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि रविवार और सोमवार को अधिकांश होटल शत-प्रतिशत (100%) पैक हो जाएंगे।

​वर्तमान में मसूरी का मौसम बेहद खुशनुमा बना हुआ है। दिन में हल्की धूप के बाद सुबह और शाम के समय हल्की ठंडक का अहसास हो रहा है, जिसका सैलानी जमकर लुत्फ उठा रहे हैं। वहीं, पर्यटकों की बढ़ती संख्या को देखते हुए स्थानीय प्रशासन व पुलिस ने यातायात व्यवस्था और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं।

You may have missed

Share