देहरादून 365 दिन रोजगार की मांग को लेकर आंदोलित पीआरडी जवानों के समर्थन में उतरी कांग्रेस, जवानों के आंदोलन को बताया जायज,,,

देहरादून। 365 दिन नियमित रोजगार और अन्य लंबित मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे पीआरडी (प्रांतीय रक्षक दल) जवानों को मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस का समर्थन मिल गया है। कांग्रेस विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री प्रीतम सिंह ने निदेशालय पहुंचकर धरने पर बैठे आंदोलित जवानों से मुलाकात की और उनकी मांगों को पूरी तरह जायज ठहराया।
प्रीतम सिंह ने कहा कि पीआरडी जवान प्रदेश की सुरक्षा व्यवस्था और विभिन्न सरकारी कार्यों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, लेकिन इसके बावजूद उन्हें नियमित रोजगार और बुनियादी सुविधाओं के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि लंबे समय से जवानों की मांगों की अनदेखी की जा रही है। पूर्व मंत्री ने याद दिलाया कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में पीआरडी जवानों के प्रशिक्षण और कल्याण से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्य किए गए थे।

इस दौरान कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष लालचंद शर्मा ने कहा कि वर्षों से सेवाएं देने के बावजूद आज भी जवानों के सामने रोजगार की अनिश्चितता बनी हुई है, जिस पर सरकार को गंभीरता से संज्ञान लेकर सकारात्मक निर्णय लेना चाहिए। वहीं, प्रदेश उपाध्यक्ष राजकुमार ने कहा कि जवानों की मांगें उनके सम्मान और भविष्य की सुरक्षा से जुड़ी हैं, इसलिए सरकार को अनदेखी करने के बजाय संवाद कर समाधान निकालना चाहिए।
आंदोलन को समर्थन देते हुए बार काउंसिल के सदस्य संग्राम पुंडीर ने जवानों को कानूनी सहायता देने का आश्वासन दिया। उन्होंने घोषणा की कि यदि आंदोलित जवानों को न्यायालय में पैरवी की आवश्यकता पड़ती है, तो वह व्यक्तिगत रूप से उनका केस लड़ने के लिए तैयार हैं।

More Stories
उत्तराखंड ऊधम सिंह नगर पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल, एसएसपी अजय गणपति ने किए 36 उपनिरीक्षकों के तबादले, कई चौकी प्रभारी बदले,,,
भारत-नेपाल रिश्तों को मिलेगी नई रफ्तार, पीएम मोदी और नेपाली पीएम बालेंद्र शाह आज करेंगे छारछुम अंतरराष्ट्रीय मोटर पुल व बनबसा ड्राई पोर्ट का लोकार्पण,,,
फर्जी पत्रकारों पर प्रशासन की सख्त कार्रवाई, माइक आईडी दिखाकर नहीं मिलेगा सरकारी दफ्तरों में प्रवेश, जिला सूचना अधिकारी ने जारी किए 8 कड़े दिशा-निर्देश,,,