“कांगड़ी फ्लाईओवर पर रफ्तार का कहर: अनियंत्रित मैक्स ने दो कारों में मारी जोरदार टक्कर,चालक घायल लगा लंबा जाम”

श्यामपुर:हरिद्वार-नजीबाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग शनिवार दोपहर उस वक्त थर्रा उठा, जब कांगड़ी फ्लाईओवर पर तेज रफ्तार का जानलेवा खेल देखने को मिला। दोपहर लगभग 12 बजे नजीबाबाद की दिशा से आ रही एक अनियंत्रित मैक्स गाड़ी ने आगे चल रही दो कारों को रौंद दिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि गूंज से आसपास का इलाका दहल गया और तीनों गाड़ियों के परखच्चे उड़ गए।
🔵 केबिन में फंसा मैक्स चालक, हाईवे पर थमे गाड़ियों के पहिए
हादसे के बाद फ्लाईओवर पर अफरा-तफरी मच गई। जोरदार भिड़ंत के कारण मैक्स गाड़ी का अगला हिस्सा बुरी तरह पिचक गया, जिससे चालक केबिन में ही फंसा रह गया। वहीं कारों में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों के सड़क के बीचों-बीच आड़े-तिरछे खड़े होने से हरिद्वार-नजीबाबाद हाईवे पर दोनों ओर गाड़ियों की कई किलोमीटर लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह ठप हो गया।
🔵 ग्रामीणों और पुलिस ने मिलकर चलाया राहत अभियान
हादसा देखते ही स्थानीय ग्रामीण मदद के लिए दौड़े और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही श्यामपुर थाना पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने ग्रामीणों के सहयोग से कड़ी मशक्कत के बाद केबिन में फंसे घायल मैक्स चालक को बाहर निकाला और तत्काल एम्बुलेंस से नजदीकी अस्पताल भिजवाया। गनीमत रही कि कारों में सवार लोगों को हल्की चोटें और खरोंचें ही आईं।
🔵 क्रेन से हटवाए वाहन, आधे घंटे बाद बहाल हुआ यातायात
अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने मैक्स चालक की हालत खतरे से बाहर बताते हुए उसे डिस्चार्ज कर दिया। उधर, पुलिस ने मौके पर क्रेन बुलवाकर क्षतिग्रस्त गाड़ियों को हाईवे से हटवाया और करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद यातायात सुचारू कराया।
अधिकारी का बयान:
“हादसे की सूचना पर पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घायल को अस्पताल पहुंचाया। सभी लोग सुरक्षित हैं। क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात बहाल करा दिया गया है “
— नितेश शर्मा, थाना प्रभारी (श्यामपुर)

More Stories
“ग्लेशियर झीलों की निगरानी के लिए स्वदेशी तकनीक तैयार, खतरे से एक घंटे पहले मिलेगा अलर्ट””
उत्तराखंड कैबिनेट एमबीबीएस इंटर्न्स का स्टाइपेंड बढ़ा, 10 महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर लगी मुहर,,,,
उत्तराखंड सुरकंडा देवी मंदिर पर मॉक ड्रिल के दौरान रोपवे में अचानक आया तकनीकी फॉल्ट, समय रहते टला बड़ा हादसा,,,