अग्निकांड प्रभावित पवाणी गांव पहुंचे मुख्यमंत्री धामी, पीड़ितों को बंधाया ढांढस, पीड़ित परिवार को 5लाखरु सहायता राशि देने की घोषणा की,,,,,,,

पवाणी (उत्तरकाशी),उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को उत्तरकाशी जिले की मोरी तहसील अंतर्गत अग्निकांड प्रभावित दूरस्थ पवाणी गांव का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने जले हुए घरों और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर नुकसान का जायजा लिया और प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उन्हें हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया।
पीड़ितों से सीधा संवाद, तुरंत राहत के निर्देश
गांव पहुंचे मुख्यमंत्री ने अग्निकांड से बेघर हुए परिवारों से सीधा संवाद किया और उनका दुख-दर्द साझा किया। उन्होंने कहा कि इस कठिन घड़ी में राज्य सरकार पूरी संवेदनशीलता के साथ उनके साथ खड़ी है। मौके पर मौजूद जिला प्रशासन के आला अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रभावितों के लिए तत्काल रहने, भोजन, गर्म कपड़ों और आवश्यक चिकित्सा सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि ठंड के इस मौसम में ग्रामीणों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।
शीघ्र मुआवजा और पुनर्वास का आश्वासन
मुख्यमंत्री धामी ने प्रशासन को निर्देशित किया कि अग्निकांड से हुई क्षति का त्वरित एवं पारदर्शी आकलन कर रिपोर्ट जल्द प्रस्तुत की जाए, जिससे पीड़ित परिवारों को नियमानुसार उचित मुआवजा और पुनर्वास सहायता तत्काल उपलब्ध कराई जा सके। उन्होंने कहा कि प्रभावित परिवारों के जीवन को पुनः पटरी पर लाने के लिए सरकार की ओर से कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी।
मुख्यमंत्री ने पीड़ितों के लिए प्रत्येक प्रभावित परिवार को ₹5 लाख की सहायता राशि प्रदान करने की घोषणा की है।
अधिकारी और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
मुख्यमंत्री के इस दौरे के दौरान जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने स्वयं गांव पहुंचकर सुध लेने के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।

More Stories
धामी सरकार के 5 साल बेमिसाल,सीएम ने पेश किया कार्यकाल का रिपोर्ट कार्ड, बोले- ‘उत्तराखंड को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाना हमारा संकल्प’,,,,
उत्तराखंड को मिले 36 नए नायब तहसीलदार, सीएम धामी ने सौंपे नियुक्ति पत्र,13 बेटियां भी शामिल,,,,,
बिसलेरी के पानी में मिले खतरनाक रसायन, FSSAI ने दी मुकदमे की मंजूरी,देशभर में सैंपल जांच के आदेश,,,,,,,