उत्तराखंड हरिद्वार के कटारपुर में पुरानी रंजिश के चलते दो भाइयों पर हुआ जानलेवा हमला, बाल-बाल बचे, आरोपी की तलाश जारी,,,

हरिद्वार। पथरी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कटारपुर में पुरानी रंजिश के चलते एक बार फिर खूनी संघर्ष की स्थिति पैदा हो गई। सोमवार शाम मंदिर के पास खड़े दो चचेरे भाइयों पर दूसरे पक्ष के युवक ने अचानक फायरिंग कर दी।
मंदिर के पास ताबड़तोड़ दो राउंड फायरिंग से इलाके में मची अफरा-तफरी, पुलिस ने शुरू की जांच
गनीमत रही कि गोली पास से गुजर गई और दोनों बाल-बाल बच गए। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
मंदिर के पास हुई घटना
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कटारपुर निवासी विक्की अपने चचेरे भाई रोहित के साथ सोमवार की शाम गांव स्थित मंदिर के पास खड़ा था। आरोप है कि इसी दौरान दूसरे पक्ष का अर्जुन वहां पहुंचा और दोनों पर जान से मारने की नीयत से दो राउंड फायर झोंक दिए। गोली सीधे विक्की के बेहद करीब से निकल गई, जिससे दोनों की जान बच गई। फायरिंग की आवाज सुनते ही आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई और आरोपी युवक मौके से फरार होने में सफल रहा।
पुरानी रंजिश का है मामला

पुलिस के अनुसार, कटारपुर में अर्जुन और विक्की पक्ष के बीच लंबे समय से रंजिश चली आ रही है। बीते वर्ष 25 सितंबर को भी अर्जुन पर फायरिंग की गई थी, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। उस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए विक्की समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। इसी पुरानी अदावत के चलते अब बदले की नीयत से यह हमला किए जाने का आरोप है।
पुलिस का बयान

वारदात की सूचना मिलते ही पथरी थाना पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पथरी थाना प्रभारी रविंद्र कुमार ने बताया कि घटना की गहनता से जांच की जा रही है। चश्मदीदों के बयान दर्ज किए गए हैं और फरार आरोपी की धरपकड़ के लिए पुलिस टीम गठित कर संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। उन्होंने आश्वस्त किया कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

More Stories
हरिद्वार श्री राम लीला समिति (रजि.) ज्वालापुर में 120वें वार्षिकोत्सव पर सजीव हुआ श्रीराम जन्मोत्सव, रामलीला में विश्वामित्र यज्ञ व याचना लीला का मनमोहक मंचन,,,
उत्तराखंड, कुमारी सैलजा की आपत्ति को दरकिनार कर मैदान में उतरे हरीश रावत, कुमाऊं में शक्ति प्रदर्शन से कांग्रेस की सियासत गरमाई,,,
“राजनीति” फॉर्म-6 को मंजूरी नहीं, आयोग के फैसले में सामूहिक सहमति न मिली तो रद्द होंगे फैसले- सुप्रीम कोर्ट,,,,