उत्तराखंड हरिद्वार के कटारपुर में पुरानी रंजिश के चलते दो भाइयों पर हुआ जानलेवा हमला, बाल-बाल बचे, आरोपी की तलाश जारी,,,

हरिद्वार। पथरी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कटारपुर में पुरानी रंजिश के चलते एक बार फिर खूनी संघर्ष की स्थिति पैदा हो गई। सोमवार शाम मंदिर के पास खड़े दो चचेरे भाइयों पर दूसरे पक्ष के युवक ने अचानक फायरिंग कर दी।
मंदिर के पास ताबड़तोड़ दो राउंड फायरिंग से इलाके में मची अफरा-तफरी, पुलिस ने शुरू की जांच
गनीमत रही कि गोली पास से गुजर गई और दोनों बाल-बाल बच गए। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
मंदिर के पास हुई घटना
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कटारपुर निवासी विक्की अपने चचेरे भाई रोहित के साथ सोमवार की शाम गांव स्थित मंदिर के पास खड़ा था। आरोप है कि इसी दौरान दूसरे पक्ष का अर्जुन वहां पहुंचा और दोनों पर जान से मारने की नीयत से दो राउंड फायर झोंक दिए। गोली सीधे विक्की के बेहद करीब से निकल गई, जिससे दोनों की जान बच गई। फायरिंग की आवाज सुनते ही आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई और आरोपी युवक मौके से फरार होने में सफल रहा।
पुरानी रंजिश का है मामला

पुलिस के अनुसार, कटारपुर में अर्जुन और विक्की पक्ष के बीच लंबे समय से रंजिश चली आ रही है। बीते वर्ष 25 सितंबर को भी अर्जुन पर फायरिंग की गई थी, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। उस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए विक्की समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। इसी पुरानी अदावत के चलते अब बदले की नीयत से यह हमला किए जाने का आरोप है।
पुलिस का बयान

वारदात की सूचना मिलते ही पथरी थाना पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पथरी थाना प्रभारी रविंद्र कुमार ने बताया कि घटना की गहनता से जांच की जा रही है। चश्मदीदों के बयान दर्ज किए गए हैं और फरार आरोपी की धरपकड़ के लिए पुलिस टीम गठित कर संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। उन्होंने आश्वस्त किया कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

More Stories
उत्तराखंड देहरादून जामुनवाला मर्डर मिस्ट्री, 500 कैमरे खंगाले पर नहीं मिला सुराग, अब गुलाब के टैटू और हॉस्टल रिकॉर्ड से होगी कातिल तक पहुंचने की कोशिश,,,
उत्तराखंड “हरिद्वार मिशन 2027” के शंखनाद के साथ भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक शुरू, बांसुरी स्वराज ने किया प्रदेश में तीसरी बार सरकार बनाने का दावा,,,
उत्तराखंड 13 साल सेवा के बाद कर्मी को हटाने पर हाईकोर्ट सख्त, सरकार से संविदा और आउटसोर्सिंग व्यवस्था का मांगा ब्योरा,,,