October 10, 2026

उत्तराखंड कुंभ मेला हरिद्वार-2027, सभी निर्माण कार्यों को तय समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश, साइन बोर्ड पर लगेंगे क्यूआर कोड -आनंद बर्द्धन (मुख्य सचिव)

उत्तराखंड कुंभ मेला हरिद्वार-2027, सभी निर्माण कार्यों को तय समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश, साइन बोर्ड पर लगेंगे क्यूआर कोड –आनंद बर्द्धन (मुख्य सचिव)

​

​देहरादून। उत्तराखंड के मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने कुंभ मेला-2027 की तैयारियों की समीक्षा बैठक में सभी संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्यों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ पूरा करने के कड़े निर्देश दिए हैं।

“मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने सचिवालय में तैयारियों की समीक्षा की- अस्थायी पुलों को नवंबर अंत तक पूरा करने व समर्पित मोबाइल ऐप विकसित करने पर दिया जोर”

उन्होंने कहा कि जिन निर्माण कार्यों को समानांतर (एक साथ) संचालित किया जा सकता है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर शीघ्रता से पूरा कराया जाए।

​🟢 मैनपॉवर और अग्रिम कार्ययोजना पर फोकस

सचिवालय में आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में मुख्य सचिव ने स्पष्ट किया कि आगामी जनगणना एवं निर्वाचन संबंधी जिम्मेदारियों के कारण कुंभ मेले के लिए जरूरी अधिकारियों और कर्मचारियों की उपलब्धता प्रभावित न हो, इसके लिए अभी से ठोस प्लानिंग तैयार की जाए। उन्होंने संबंधित विभागों को मानव संसाधन (मैनपॉवर) की आवश्यकताओं का सही आकलन करते हुए समय से तैनाती की विस्तृत कार्ययोजना प्रस्तुत करने को कहा।

​🟢 डिजिटल सुविधाएं- साइन बोर्ड पर क्यूआर कोड और मोबाइल ऐप

श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मुख्य सचिव ने मेला क्षेत्र में समुचित साइनेज (सांकेतिक बोर्ड) लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन साइनेज पर क्यूआर कोड (QR Code) अंकित किए जाएं, जिससे श्रद्धालु संबंधित स्थल के ऐतिहासिक व धार्मिक महत्व के साथ-साथ आवश्यक जानकारियां आसानी से प्राप्त कर सकें। साथ ही, कुंभ क्षेत्र की विभिन्न लोकेशनों और नागरिक सुविधाओं की जानकारी उपलब्ध कराने के लिए एक समर्पित मोबाइल ऐप तैयार करने का भी सुझाव दिया गया।

​🟢 अस्थायी पुल और बुनियादी ढांचे की समयबद्धता

मुख्य सचिव ने कुंभ मेले के लिए स्थाई व्यवस्थाओं के संचालन व रखरखाव की अलग से योजना बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने अस्थायी पुलों के निर्माण की नियमित निगरानी करने और इसे नवंबर माह के अंत तक अनिवार्य रूप से पूरा कराने को कहा। इसके अतिरिक्त पार्किंग व्यवस्था, सिंचाई एवं पेयजल विभाग से जुड़े विभिन्न निर्माण कार्यों को मेला शुरू होने से पूर्व पूरा करने के निर्देश दिए गए।

​मेलाधिकारी को कार्यों का निरंतर स्थलीय निरीक्षण करने की हिदायत दी गई। बैठक में प्रमुख सचिव आर. मीनाक्षी सुंदरम, सचिव शैलेश बगौली, नितेश कुमार झा, विनोद कुमार सुमन, गढ़वाल आयुक्त आनंद स्वरूप तथा मेलाधिकारी सोनिका सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Share