October 10, 2026

उत्तराखंड हरिद्वार हाथी के हमले से वृद्ध किसान की हुई दर्दनाक मौत, आक्रोशित ग्रामीणों ने रोड जाम कर वन विभाग कार्यालय पर किया हंगामा,,,

उत्तराखंड हरिद्वार हाथी के हमले से वृद्ध किसान की हुई दर्दनाक मौत, आक्रोशित ग्रामीणों ने रोड जाम कर वन विभाग कार्यालय पर किया हंगामा,,,

​श्यामपुर (हरिद्वार): हरिद्वार के श्यामपुर रेंज क्षेत्र में जंगली हाथियों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। गुरुवार शाम मवेशियों के लिए चारा लेने खेत में गए 60 वर्षीय एक बुजुर्ग किसान पर जंगली हाथी ने अचानक हमला कर उन्हें मौत के घाट उतार दिया।

​”श्यामपुर रेंज का मामला- खेत में चारा लेने गए किसान को हाथी ने पटक-पटक कर मार डाला; ग्रामीणों ने हाईवे जाम कर रेंजर की गाड़ी पलटने का किया प्रयास”

इस घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने वन क्षेत्राधिकारी (रेंजर) कार्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया और हाईवे जाम कर दिया।

​🔴 खेत में घास काटते समय किया हमला

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सजनपुर बाहर पीली निवासी सतपाल (60 वर्ष), पुत्र भगवाना, जो पिछले 20 वर्षों से ठेके पर खेत लेकर धान की खेती कर रहे थे, गुरुवार शाम बाहर पीली स्थित कुंडी कोटेश्वर मंदिर के सामने खेत में पशुओं के लिए घास काट रहे थे। इसी दौरान जंगल की ओर से निकले एक आक्रामक हाथी ने उन पर पीछे से हमला बोल दिया। हाथी ने सतपाल को सूंड से उठाकर कई बार जमीन पर पटका और सिर कुचलकर उनकी जान ले ली। बताया जा रहा है कि इसी हाथी ने महज तीन दिन पहले एक थार गाड़ी को भी पलटने का प्रयास किया था।

​🔴 ग्रामीणों का आक्रोश और हाईवे जाम

घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए। वन विभाग की कथित लापरवाही से नाराज ग्रामीणों ने वन क्षेत्राधिकारी कार्यालय पर भारी हंगामा किया और राष्ट्रीय राजमार्ग को जाम करने की कोशिश की। उग्र भीड़ ने वन क्षेत्राधिकारी (रेंजर) की गाड़ी को भी पलटने का प्रयास किया, जिससे मौके पर तनाव की स्थिति बन गई।

​🔴 मुआवजे का आश्वासन

सूचना मिलते ही वन विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। श्यामपुर रेंजर विवेक जोशी ने बताया कि घायल को तत्काल अस्पताल भिजवाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। रेंजर ने बताया कि मृतक सतपाल के परिजनों को नियमानुसार ₹10 लाख का मुआवजा दिया जाएगा। अधिकारियों द्वारा ग्रामीणों को शांत कराकर स्थिति को नियंत्रण में लिया गया।

Share