उत्तराखंड के हरिद्वार में सैलानियों द्वारा हाथी की फोटो खींचने की कोशिश पड़ी भारी, हाथी ने थार पर किया हमला, मौके पर मची चीख पुकार,,,,

हरिद्वार/श्यामपुर: श्यामपुर रेंज अंतर्गत बाहर पीली के पास सड़क पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक दंतैल हाथी ने सड़क किनारे खड़ी महिंद्रा थार जीप पर अचानक हमला कर दिया। हाथी द्वारा किए गए जोरदार प्रहार से जीप का एक हिस्सा हवा में उठ गया, जिससे उसमें बैठे लोग बाल-बाल बच गए।
तस्वीर खींचने के दौरान भड़का गजराज
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सोमवार को जंगल से निकलकर एक हाथी गंगा की ओर जा रहा था। उसके सड़क पर पहुंचने के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। इसी दौरान जाम में फंसी एक थार जीप में सवार युवक मोबाइल से हाथी की तस्वीरें लेने लगा। हाथी अचानक भड़क उठा और उसने सीधे जीप पर रुख कर दिया।
सूंड़ से किए कई प्रहार, मची चीख-पुकार

हाथी ने अपनी सूंड़ से जीप पर कई जोरदार हमले किए और उसे पलटने का प्रयास किया। टक्कर इतनी भीषण थी कि भारी-भरकम गाड़ी काफी ऊपर तक उठ गई। इस अप्रत्याशित हमले से कार सवारों सहित आसपास मौजूद अन्य वाहन चालकों में चीख-पुकार मच गई। स्थिति को भांपते हुए राहगीरों ने एकजुट होकर शोर मचाना शुरू किया, जिसके बाद हाथी शांत हुआ और सड़क पार कर जंगल की ओर रुख कर गया। गनीमत रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
वन विभाग ने संभाला मोर्चा, बढ़ाई गश्त
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की त्वरित प्रतिक्रिया टीम मौके पर पहुंची और इलाके का मुआयना किया। श्यामपुर रेंजर विवेक जोशी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि क्षेत्र घने जंगलों से घिरा हुआ है, जहां वन्यजीवों की आवाजाही सामान्य है। राहगीरों की सुरक्षा और हाथियों को रिहायशी व सड़क मार्गों से दूर रखने के लिए वनकर्मियों की टीमों को लगातार गश्त पर तैनात कर दिया गया है। साथ ही प्रशासन ने आमजन से वन्यजीवों के करीब जाकर फोटो या वीडियो न बनाने की सख्त अपील की है।

More Stories
उत्तराखंड में बदलेगा मौसम का मिजाज, 6 से 11 अक्टूबर तक येलो अलर्ट जारी, पहाड़ों में बारिश और बर्फबारी के आसार,,
हरिद्वार श्री राम लीला समिति (रजि.) ज्वालापुर में 120वें वार्षिकोत्सव पर सजीव हुआ श्रीराम जन्मोत्सव, रामलीला में विश्वामित्र यज्ञ व याचना लीला का मनमोहक मंचन,,,
उत्तराखंड, कुमारी सैलजा की आपत्ति को दरकिनार कर मैदान में उतरे हरीश रावत, कुमाऊं में शक्ति प्रदर्शन से कांग्रेस की सियासत गरमाई,,,